यमुना एक्सप्रेसवे पर फिर आग का तांडव, चलती बस में लगी आग, 48 यात्री थे सवार
Last Updated:
Yamuna Expressway Fire News: यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़े हादसे की सूचना आ रही है. चलती बस में आग लगने का मामला सामने आया है. घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की अब तक सूचना नहीं है.
बस जलकर हुई खाक.
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में पिछले साल दिसंबर में सुबह करीब साढ़े 4 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर जिस तरह आग ने मौत का तांडव मचाया था वो आजतक कोई नहीं भूला है. तब कोहरे के चलते 7 बसें और 3 कारें भिड़ गई थीं. टक्कर होते ही गाड़ियों में आग लग गई थी और 11 लोगों की जलकर मौत हो गई थी. अब एक बार फिर ऐसा हादसा सामने आया है. आज सुबह आगरा से नोएडा की ओर जा रही एक निजी बस में अचानक आग लग गई. आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में 48 यात्रियों ने कूदकर जान बचाई.
मामला नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे का है. घटना माइलस्टोन संख्या 64 के पास हुई, जहां बस संख्या DD01AA9317 में देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं. कटैलिया निवासी यशपाल सिंह ने फोन करके घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना नौहझील पुलिस व बाजना चौकी प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. बस में करीब 48 यात्री सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
आग लगने के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. वहीं, यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई. घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का कार्य जारी था. प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.
पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. साथ ही, कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है. मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
About the Author

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें