यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आज से शुरू होंगे आवेदन, इतनी है फीस, जानिए पूरी प्रक्रिया
Agency:News18 Uttar Pradesh
Last Updated:
UP B.Ed JEE 2025 Date: राज्य संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 14 फरवरी की रात 12 बजे से प्रारम्भ हो जाएंगे. इस प्रवेश परीक्षा का आयोजन बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय तीसरी बार करने जा रहा है.
फाइल फोटो
झांसी: बुन्देलखंड विश्वविद्यालय के संयोजन में राज्य संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 14 फरवरी की रात 12 बजे से प्रारम्भ हो जाएंगे. शुक्रवार (14 फरवरी) की शाम को कुलपति की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को अन्तिम रूप दिया जाएगा. बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को तीसरी बार यह परीक्षा करवाने का मौका मिला है. विश्वविद्यालय ने इसके लिए सभी तैयारी पूरी कर ली है.
आज रात से खुलेंगे आवेदन
प्रदेश के सभी 22 विश्वविद्यालय व सम्बद्ध लगभग 2300 कॉलिज में संचालित दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय तीसरी बार करने जा रहा है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रदेश के सभी 75 जनपदो के अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन कराने के लिए तैयारी पूरी कर ली है. 10 फरवरी से शुरू हुआ ड्राइ रन पूरा हो गया है, जिसमें ऑनलाइन आवेदन भरने की प्रक्रिया की जाँच कर ली गयी है. कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय 14 फरवरी की शाम को सीपीएमटी भवन में बैठक कर ऑनलाइन प्रक्रिया को हरी झंडी दिखाएंगे. वह सीपीएमटी भवन में बनाए गए सेण्टर की व्यवस्थाओं को भी परखेंगे. इस बैठक के कुछ ही घण्टे बाद 14 फरवरी को रात 12.01 बजे ऑनलाइन आवेदन भरे जाने लगेगे.
यह है आवेदन फीस
बीएड के ऑनलाइन आवेदन के साथ सामान्य, पिछड़ा वर्ग तथा अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को 1400 रुपए तथा अनुसूचित जाति व जनजाति के अभ्यर्थियों को 700 रुपए शुल्क ऑनलाइन देना होगा. इसमें ई-चालान के साथ ही डेबिट व क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है. उत्तर प्रदेश शासन ने कुलसचिव विनय कुमार सिंह को राज्य नोडल ऑफिसर नियुक्त किया है, जबकि प्रो. एसपी सिंह को राज्य को-ऑर्डिनेटर, प्रो. डीके भट्ट व प्रो. सौरभ श्रीवास्तव को राज्य को-ऑर्डिनेटर बनाया गया है.
अभ्यर्थी इन बातों का रखें ध्यान
बीएड के ऑनलाइन आवेदन में अभ्यर्थी को इण्डेक्स फिंगर को स्कैन करना अनिवार्य होगा. साथ ही अपनी नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तथा सिग्नेचर का स्कैन कर अपलोड करना अनिवार्य होगा. इन तीनों के बाद ही आवेदन ऑनलाइन भरा जा सकेगा. इसके साथ ही आरक्षण वाले अभ्यर्थियों को अपने आवेदन के साथ प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा.
Jhansi,Jhansi,Uttar Pradesh
February 14, 2025, 11:20 IST