यूपी में पड़ने वाली है भीषण ठंड, घने कोहरे के साथ शीतलहर का अलर्ट, विजिबिलिटी हो जाएगी जीरो

0
यूपी में पड़ने वाली है भीषण ठंड, घने कोहरे के साथ शीतलहर का अलर्ट, विजिबिलिटी हो जाएगी जीरो


वाराणसी: उत्तर प्रदेश की सुबह अब कोहरे के सफेद चादर से लिपटी होगी. भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी ने इसकी संभावना जताई है. अनुमान है कि 12 दिसंबर को प्रदेश के दर्जनभर जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा. इस दौरान कई शहरों में विजिबिलिटी भी जीरो होगी. हालांकि दिन चढ़ने के साथ घने कोहरे वाले इन शहरों में भी भगवान भाष्कर के दर्शन होंगे. लेकिन शाम होने के साथ तेज पछुआ हवाएं गलन का अहसास कराएंगी. ऐसी स्थिति फिलहाल अगले 36 से 48 घंटे तक रहेगी. लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, 12 दिसंबर  को पूर्वी यूपी के साथ पश्चिमी यूपी में तराई क्षेत्रों में घना कोहरा नजर आएगा. मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि आज बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती शामिल है.

पूर्वांचल में मध्यम से हल्का कोहरा
इसके अलावा पूर्वांचल के कई जिलो में भी आज मध्यम से हल्का कोहरा नजर आ सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार को प्रयागराज, वाराणसी, प्रतापगढ़, अयोध्या, कौशाम्बी, चित्रकूट, अमेठी, रायबरेली, जौनपुर, सुल्तानपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, बलिया और मऊ में मध्यम से हल्का कोहरा नजर आ सकता है. इनमें कुछ जिलों में 500 से 700 मीटर की दृश्यता वाला कोहरा भी छाए रहने की संभावना है. वहीं बात इन जिलो में तापमान की करें तो यहां अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है.

आज लखनऊ में ठंड से थोड़ी राहत
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी. यहां न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस का उछाल आएगा. हालांकि लखनऊ की सुबह हल्की कोहरे की चादर दिखेगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 26 सेल्सियस होगा. 13 दिसंबर को यहां तापमान में कोई खास बदलाव नहीं दिखेगा. वहीं दिल्ली से सटे नोएडा की बात करें तो आज वहां सुबह और रात के समय गलन लोगो को परेशान करेगी. नोएडा में आज न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 13 दिसंबर से एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा. इसके बाद तीन से चार दिनों तक पुरवा हवाएं चलेंगी. जिससे न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस का उछाल आएगा. हालांकि अगले 26 घंटे तक फिलहाल इसमें बदलाव की कोई संभावना नहीं है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *