यूपी लाइव न्यूज: सरप्राइज के बहाने भाभी ने ननद को बुलाया, चुन्नी से बांधे हाथ-पैर फिर चाकू से कर दिया वार
यूपी समाचार लाइव: नमस्कार, उत्तर प्रदेश के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. हम इस लाइव ब्लॉग में प्रदेश की क्राइम, राजनीति और वायरल के अलावा अन्य खबरों को बताएंगे. लखनऊ, कानपुर और नोएडा के अलावा यूपी के 75 जिलों की हर एक बड़ी खबर यहां पढ़ने को मिलेगी. इसलिए जुड़े रहे हमारे साथ इस लाइव ब्लॉग में…
Agra News: साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई, 24 आरोपी गिरफ्तार
आगरा पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 24 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें तीन अलग-अलग साइबर गिरोह के सदस्य शामिल हैं. आरोपियों पर लगभग 300 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड करने का आरोप है और NCRB में इस गैंग के खिलाफ 600 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हैं. आरोपी क्रिप्टो करेंसी में निवेश और लोन दिलाने के नाम पर लोगों को ठगते थे और ठगी की रकम को दुबई में स्थित अकाउंट में ट्रांसफर किया जाता था. गैंग का सरगना नितिन दुबई में फर्जी कंपनी बनाकर सिटीजनशिप ले चुका था. पुलिस ने आरोपियों की संपत्तियों पर भी जल्द जब्ती की कार्रवाई करने का ऐलान किया है. जांच में यह भी सामने आया कि कई बैंक के कर्मचारी इस गैंग से जुड़े हुए थे और करीब 600 ऐसे अकाउंट भी सीज किए गए हैं जिनके जरिए फ्रॉड की रकम ट्रांसफर की गई थी.
Prayagraj News: माघ मेले के लिए यूपी परिवहन निगम की तैयारियां तेज
प्रयागराज में माघ मेले को देखते हुए यूपी परिवहन निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. सिविल लाइन बस अड्डे के पुनर्निर्माण को देखते हुए रोडवेज बस अड्डा सीएमपी डिग्री कॉलेज के सामने अस्थाई विद्या वाहिनी बस अड्डे में शिफ्ट कर दिया गया है. इस बस अड्डे से श्रद्धालु महज एक किलोमीटर दूरी तय करके मेला क्षेत्र तक पहुंच जाएंगे, जबकि संगम नोज तक लगभग 5 किलोमीटर पैदल चलना होगा. विद्या वाहिनी अस्थाई बस अड्डे से बसों का संचालन भी शुरू कर दिया गया है, जहां रात में बसों के संचालन के लिए प्रकाश व्यवस्था की गई है और अस्थाई टॉयलेट व कंट्रोल रूम का निर्माण भी किया गया है. इस बस अड्डे से कानपुर, लखनऊ और अयोध्या की ओर जाने वाली बसें संचालित की जा रही हैं.
Bareilly News: मौलाना तौकीर और बहनोई मोहसिन रजा को बढ़ीं मुश्किलें
मौलाना तौकीर रजा और उसके बहनोई मोहसिन रजा की मुश्किलें बढ़ गई हैं. कल उनके खिलाफ जमीन खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी, धमकी और छेड़छाड़ का एक और मुकदमा दर्ज किया गया है. कुल मिलाकर मौलाना तौकीर और उसके बहनोई समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें आरोप है कि पीड़िता के पिता की मजबूरी का फायदा उठाकर जमीन हड़पने की कोशिश की गई. मौलाना तौकीर रजा फतेहगढ़ जेल में निरुद्ध है, जबकि उसके बहनोई मोहसिन रजा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने दो टीम गठित की हैं. एक साल पहले भी तौकीर रजा और उसके बहनोई पर हद पार करने के आरोप लगे थे और उसकी दबंगई के चलते कोई मुंह नहीं खोल पाता था. इस मामले में पीड़ित शकीरा बेग ने जहर खाया और उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Ambedkar News: अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत
अम्बेडकरनगर में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. पहली दुर्घटना हंसवर थाना क्षेत्र के सिंहपुर चौराहे पर हुई, जहां बाइक सवार एक युवक अर्जुन अनियंत्रित होकर साइकिल सवार से टकरा गया और जमीन पर गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. दूसरी दुर्घटना बसखारी थाना क्षेत्र के जीवत गांव के पास हुई, जहां स्कूटी पर सवार चार लोग अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए और पीछे से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से एक पुरुष और एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसों की जांच में जुटी है.
Agra News: भाभी ने ननद पर चाकू से किया हमला
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के राधा नगर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां सरप्राइज देने के बहाने एक भाभी ने अपनी ननद पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. जानकारी के अनुसार भाभी ने पहले ननद की आंखों पर पट्टी बांधी, फिर चुन्नी से उसके हाथ बांध दिए और इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में ननद गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के समय घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था. सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी भाभी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है.
Aligarh News: सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत
अलीगढ़ के खैर कोतवाली क्षेत्र में सोमना रोड स्थित धान मील के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि एक अनियंत्रित कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों की पहचान कराने की काफी कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी. इसके बाद पुलिस ने दोनों अज्ञात युवकों के शवों को मोर्चरी भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है.
Kushinagar News: सड़क हादसों में दो की मौत
कुशीनगर में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. पहली घटना में एक महिला अपने बेटे के साथ रामकोला बाजार जा रही थी, तभी ईंट लदे ट्रैक्टर ने उसे ठोकर मार दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई. दूसरी घटना में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. दोनों घटनाओं से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. ये हादसे रामकोला थाना क्षेत्र के रामपुर बंगरा और डम्मर छपरा गांव के पास हुए हैं. पुलिस ने दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
Mahoba News: महिला जिला अस्पताल में नवजात की मौत पर परिजनों का हंगामा
महोबा महिला जिला अस्पताल में डॉक्टरों की लापरवाही से एक नवजात बच्चे की मौत का मामला सामने आया है. बताया गया कि दो दिन पहले जन्मे बच्चे का इलाज अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में चल रहा था. परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने बच्चे को मशीन से बाहर निकालकर जैसे ही उन्हें सौंपा, उसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद नवजात की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. पीड़ित पिता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग की है.
लंबे समय से फरार चल रहा एक्टर मान सिंह गिरफ्तार
Etah Accident: बाइक सवार महिला की दर्दनाक मौत, देवर गंभीर रूप से घायल
एटा में पिलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव पुठिया के पास एक सड़क हादसा हो गया. रविवार को मारहरा के नगला भूड़ निवासी सुनीता बाइक पर अपने देवर हरकेश के साथ जा रही थी. इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. जिससे सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में उसका देवर हरकेश भी गंभीर रूप से घायल हुआ जिसका मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
Sultanpur News: मेडिकल ऑफिसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
सुल्तानपुर में कूरेभार CHC पर तैनात एक मेडिकल ऑफिसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है. घटना में बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्राचार्य और सीएमओ मीडिया में बयान देने से बचते नजर आए.
Hamirpur Accident: हमीरपुर-सड़क हादसे में 3 की दर्दनाक मौत, 4 गंभीर घायल

मुख्यमंत्री योगी ने हमीरपुर में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए है.
मेरठ: पुलिस और भैंस चोर के बीच मुठभेड़, आरोपी घायल और गिरफ्तार
मेरठ के थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र के अहमदपुरी पुलिया के पास पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में भैंस चोर और गैंगस्टर शहजाद घायल हो गया. शहजाद के खिलाफ पहले से 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने चोरी की बाइक और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है.
उन्नाव: कोहरे में भीषण एक्सीडेंट, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 8 वाहन टकराए
उन्नाव के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के गौरिया कला गंगा एक्सप्रेसवे पुल के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे 254 पर आज कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हुआ. जयपुर से लखनऊ जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस पीछे खड़े कंटेनर में घुस गई. हादसे में बस चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि कंडक्टर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए. बस में हादसे के समय करीब दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे. घायलों को मौके पर पहुंचे यूपीडीए और पुलिस कर्मियों ने तुरंत सीएचसी भेजा. हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही.
मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर पुलिस मुठभेड़, एक बदमाश घायल और गिरफ्तार
मथुरा के यमुना एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड (थाना नौहझील क्षेत्र) पर तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. थाना नौहझील पुलिस और रिवार्डी टीम ने बिजली के तार चोरी करने आए बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश की. पुलिस की जवाबी फायरिंग में गुलाब सिंह नामक बदमाश घायल हो गया और उसे अस्पताल भेजा गया. इस कार्रवाई में पुलिस ने एक गाड़ी, चोरी के 14 बंडल विद्युत तार, तार काटने के उपकरण, एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए.
UP Live: अखिलेश यादव के बयान पर सुरेश खन्ना का किसानों की स्तिथि को लेकर किया काउंटर
केंद्रीय मंत्री और यूपी कैबिनेट सदस्य सुरेश खन्ना ने हैदराबाद में दिए गए अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश सरकार में रहते कुछ काम करते तो जनता उन्हें सत्ता से बाहर नहीं करती. सुरेश खन्ना ने आगे कहा कि आज यूपी का मॉडल अन्य राज्य अपना रहे हैं, जबकि अखिलेश के राज में राज्य केवल दंगाग्रस्त था. उन्होंने यह भी कहा कि कानून व्यवस्था भाषणों से नहीं, बल्कि कार्रवाई से सुधरती है और आज गवाह गवाही देने से डरता नहीं है. कैबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि योगी सरकार में सबसे अधिक किसान खुश हैं.
बहराइच में लूट के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक घायल गिरफ्तार, दूसरा फरार
बहराइच के नानपारा कोतवाली क्षेत्र में बाइक और कैश लूट के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई. हाड़ा बसेरी के पास आरोपियों को पकड़ने की कोशिश के दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लुटेरा बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया. दोनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे. घायल आरोपी की पहचान श्रावस्ती जिले के निवासी दीपक कश्यप के रूप में हुई है.
हापुड़ में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर, AQI 631 के पार
हापुड़ में पिछले दो दिनों से वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खतरनाक स्तर पर बना हुआ है. आज AQI 631 तक पहुंच गया, जो बेहद चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है. हवा न चलने के कारण प्रदूषण और अधिक बढ़ गया है. जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हापुड़ की जनता को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे का सामना करना पड़ रहा है.
बुलंदशहर: कार लूटने वाले अंतरराज्यीय लुटेरों से सिकंदराबाद पुलिस की मुठभेड़
बुलंदशहर में सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस की सख्त चेकिंग के दौरान कार लूट करने वाले अंतरराज्यीय लुटेरों से मुठभेड़ हो गई. गुलावठी रोड अंडरपास के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों आरोपी कई राज्यों में कार लूट की वारदातों में वांछित चल रहे थे.