रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद क्यों सूखने लगता है गला? जानें वजह

0
रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद क्यों सूखने लगता है गला? जानें वजह


Last Updated:

अक्सर बाहर का खाना खाने के बाद बार-बार पानी पीने की जरूरत महसूस होती है. इसके पीछे मुख्य कारण भोजन में मौजूद सोडियम की अधिक मात्रा और भारी मसालों का प्रयोग है. जानिए यह आपकी सेहत को कैसे प्रभावित करता है.

चंदौली: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों की जीवनशैली तेजी से बदल रही है, जहां पहले लोग घर का बना ताजा और संतुलित भोजन करते थे. वहीं, अब बाहर का खाना और फास्ट फूड लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है. स्वाद और सुविधा के चलते लोग रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं, लेकिन यह आदत धीरे-धीरे स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही है.

इसी विषय पर डॉक्टर रिद्धि पांडे ने लोकल 18 से बातचीत में बाहर के खाने से होने वाली समस्याओं और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बाहर का खाना खाने के बाद अक्सर लोगों को अधिक प्यास लगती है या गला सूखने लगता है. यह सामान्य बात नहीं है, बल्कि शरीर का एक संकेत है.

स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं पैदा 
डॉक्टर ने बताया कि रेस्टोरेंट में बनने वाले भोजन में मसालों और नमक की मात्रा काफी अधिक होती है. खासकर चाइनीज या अन्य प्रोसेस्ड फूड में अजीनोमोटो (मोनोसोडियम ग्लूटामेट) का इस्तेमाल किया जाता है, जो स्वाद को बढ़ाने के लिए डाला जाता है. यह पदार्थ शरीर में पानी की अधिक आवश्यकता पैदा करता है. इसे पचाने के लिए शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा और पानी की जरूरत होती है. उन्होंने समझाया कि जब शरीर को पर्याप्त पानी नहीं मिलता, तो वह कोशिकाओं से पानी खींचने लगता है. यही कारण है कि व्यक्ति को अचानक ज्यादा प्यास लगती है. यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहे तो डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं.

कम से कम खाया जाए बाहर का खाना 
डॉक्टर रिद्धि पांडे ने सलाह दी कि सबसे बेहतर उपाय यही है कि बाहर का खाना कम से कम खाया जाए और घर के खाने को प्राथमिकता दी जाए, लेकिन अगर किसी कारणवश बाहर खाना जरूरी हो, तो कुछ सावधानियां अपनाकर इसके नुकसान को कम किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि खाना खाते समय बीच-बीच में थोड़ा-थोड़ा पानी पीना चाहिए. पहले यह माना जाता था कि भोजन के दौरान पानी नहीं पीना चाहिए, लेकिन आज की बदलती खान-पान की आदतों को देखते हुए यह जरूरी हो गया है. पानी पीने से भोजन जल्दी पचता है और शरीर पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता.

घर का सादा भोजन है सबसे बेहतर विकल्प 
वहीं, उन्होंने कहा कि इसके अलावा भोजन के बाद नींबू पानी पीना भी फायदेमंद होता है. यह पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है और शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. इससे भोजन जल्दी पचता है और पेट से जुड़ी समस्याएं कम होती हैं. उन्होंने कहा कि अगर लोग अपनी आदतों में थोड़ा बदलाव लाएं और संतुलित खान-पान अपनाएं, तो कई बीमारियों से बचा जा सकता है. बाहर के खाने का आकर्षण भले ही ज्यादा हो, लेकिन स्वास्थ्य के लिए घर का सादा और पौष्टिक भोजन ही सबसे बेहतर विकल्प है.

About the Author

Abhijeet Chauhan

न्‍यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्‍टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *