लखनऊ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, रवीना त्यागी बनीं डीसीपी ट्रैफिक
UP News Update: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में अंधविश्वास के चलते एक रूह कंपाने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 10 वर्षीय मासूम की गला रेतकर हत्या कर दी गई. वहीं, चंदौली पुलिस ने बिहार भेजी जा रही एक करोड़ से अधिक की अवैध शराब बरामद कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है. बुलंदशहर में एक महिला पर जानलेवा हमले का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है. पढ़िए आज की टॉप खबरें…
संभल: अयातुल्ला खामेनेई की मौत पर ‘काली ईद’ मनाने की अपील, AIMIM का समर्थन
संभल में आज़म ख़ान द्वारा अयातुल्ला खामेनेई की मौत के शोक में ईद के मौके पर काले कपड़े या काली पट्टी बांधने की अपील को AIMIM ने अपना समर्थन दिया है. AIMIM प्रदेश महासचिव सैय्यद असलम ने अमेरिका और इज़राइल द्वारा किए गए हमलों की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि हमलों में स्कूली बच्चों और निर्दोषों की मौत के विरोध में यह एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन होगा. मुस्लिम समुदाय से अपील की गई है कि वे ईद की नमाज़ के दौरान काली पट्टी बांधकर अपना विरोध और शोक दर्ज कराएं.
लखनऊ: पुलिस महकमे में फेरबदल, कई IPS अफसरों के तबादले
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है. रवीना त्यागी अब लखनऊ की नई DCP ट्रैफिक होंगी. वहीं, कमलेश दीक्षित उन्हें DCP हेडक्वार्टरकी जिम्मेदारी सौंपी गई है, अनिल यादव इन्हें DCP क्राइम बनाया गया है.
लखनऊ: स्पोर्ट्स अथॉरिटी की महिला अधिकारी ने की आत्महत्या
राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी. मृतका की पहचान कोलकाता निवासी अंद्रेला गौस के रूप में हुई है. वह साई (SAI) में ‘हाई परफार्मेंस एनालिटिक’ के पद पर तैनात थीं. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए उनके सहकर्मियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है.
जौनपुर: युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस पर गंभीर आरोप
जौनपुर के महराजगंज थाना क्षेत्र के मजीठी गांव में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और प्रयागराज मार्ग को जाम कर दिया. परिजनों का आरोप है कि पुलिस के दबाव और रुपयों की अवैध मांग के कारण युवक की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घंटों तक सड़क जाम रहने से राहगीरों को भारी परेशानी हुई. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं.
शाहजहांपुर: 6 साल की मासूम से 53 साल के अधेड़ ने की दरिंदगी
शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार इलाके से इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर आई है. यहाँ केजी (KG) की एक छात्रा के साथ ट्यूशन जाते समय छेड़छाड़ की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 53 वर्षीय आरोपी सत्यवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. मासूम बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.
कानपुर: शादी के बाद घर लौटे कुलदीप यादव, सादगी से हुआ स्वागत
टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव रविवार को अपनी पत्नी अंशिका के साथ मसूरी से शादी रचाकर अपने पैतृक निवास कानपुर लौटे. लाल बंगला स्थित उनके आवास पर उनके स्वागत की तैयारी तो थी, लेकिन माहौल काफी निजी रहा. कुलदीप की काले रंग की कार सीधे घर के गेट के अंदर दाखिल हुई और तुरंत गेट बंद कर दिए गए. घर के बाहर बैंड-बाजे की व्यवस्था की गई थी, लेकिन फैंस की भारी भीड़ इस बार नजर नहीं आई. कुलदीप ने इस निजी पल में मीडिया और कैमरों से पूरी तरह दूरी बनाए रखी.
लखनऊ: कंबोडिया से चल रहे ‘साइबर स्लेव’ सिंडिकेट का खुलासा, CBI ने दबोचा मुख्य मोहरा
लखनऊ और दिल्ली की संयुक्त कार्रवाई में सीबीआई ने एक अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट के अहम सदस्य कृष्ण कुमार लखवानी को गिरफ्तार किया है. मूल रूप से कानपुर का रहने वाला लखवानी नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा था. लखवानी $300 से $400 लेकर युवाओं को डेटा एंट्री और कस्टमर सपोर्ट जैसी नौकरियों का लालच देकर कंबोडिया भेजता था. कंबोडिया पहुंचने पर इन युवाओं को ‘साइबर स्लेव’ बना लिया जाता था और उनसे जबरन ऑनलाइन फ्रॉड और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे अपराध करवाए जाते थे. सीबीआई ने नई दिल्ली पहुंचने पर उसे पूछताछ के बाद सलाखों के पीछे भेज दिया है.
आगरा: जयपुर हाईवे पर रफ्तार का कहर, हादसे में युवती की मौत
आगरा के थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के आगरा-जयपुर हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही चीख-पुकार मच गई. हादसे में बाइक सवार एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक और एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है. ट्रक चालक की तलाश की जा रही है.
उन्नाव: सिलेंडर की किल्लत पर प्रदर्शन पड़ा भारी, AAP जिलाध्यक्ष समेत 40 पर FIR
उन्नाव में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं. डीएम कार्यालय के बाहर बीच सड़क पर प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. सदर कोतवाली पुलिस ने जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव और मंडल प्रभारी तुषार श्रीवास्तव समेत 6 नामजद और 35 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक और सड़क जाम करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है. कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी.
चंदौली: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग की तैयारी, सपा सांसद का बड़ा हमला
सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने चंदौली में काशीराम जयंती कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष एकजुट है. सांसद ने दावा किया कि 200 सांसदों ने महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और इसे सोमवार को सदन के पटल पर रखा जाएगा. यूपी एसआई परीक्षा में ‘पंडित’ शब्द के विवाद पर उन्होंने कहा कि यह दिल्ली बनाम यूपी की लड़ाई का नतीजा है. उन्होंने ब्राह्मणों को सबसे समझदार और चिंतक जाति बताया. वीरेंद्र सिंह ने घोषणा की कि यदि केंद्र में सरकार बदली, तो कांशीराम को ‘भारत रत्न’ से नवाजा जाएगा.
अयोध्या: खाकी का रौब दिखाकर ठगी करने वाला ‘नकली पुलिसवाला’ गिरफ्तार
अयोध्या की कुमारगंज पुलिस ने गल्ला व्यापारियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर ठग जितेंद्र बहादुर सिंह (निवासी गोंडा) को गिरफ्तार किया है. आरोपी खुद को पुलिस विभाग से जुड़ा बताकर व्यापारियों को झांसे में लेता था. उसने 26 फरवरी को एक व्यापारी से 9.5 क्विंटल सरसों के नाम पर 50 हजार रुपये ठग लिए थे. आरोपी के पास से पुलिस की बैरेट कैप (टोपी), फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक, 7 अन्य फर्जी प्लेट्स और 23 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं. पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है.
सिद्धार्थनगर: भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत
सिद्धार्थनगर के बांसी कोतवाली क्षेत्र के सूपा चौराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई. बाइक सवार महेंद्र मिश्रा और उनकी पत्नी सरिता मिश्रा (निवासी भावपुर) की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार और बाइक दोनों के परखच्चे उड़ गए. कार चालक महबूब अली नरकटहां गांव का निवासी बताया जा रहा है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
संभल: नमाज पर हाईकोर्ट के फैसले पर सांसद बर्क का बयान
संभल से सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने नमाज पर पाबंदी हटाने के हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया है. उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि अधिकारियों में दूसरे मजहब के कार्यक्रमों पर रोक लगाने की हिम्मत नहीं है, तो नमाज पर पाबंदी क्यों? बर्क ने कहा कि डीएम और एसपी को अपने मातहत अधिकारियों की मनमानी पर रोक लगानी चाहिए. अब इस फैसले के बाद कोई अधिकारी मजहबी मामलों में दखल नहीं दे पाएगा.
सुल्तानपुर: हत्या और दंगा भड़काने वाला वांछित गिरफ्तार
सुल्तानपुर की कोतवाली देहात पुलिस ने जनऊपुर घटना के मुख्य आरोपी मंगल सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर हत्या और दंगा भड़काने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था.
सोनभद्र: जादू-टोने के शक में 10 साल के मासूम की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
सोनभद्र के पन्नूगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां रामगढ़ इलाके में 14 मार्च की रात एक पड़ोसी युवक ने 10 साल के बालक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया है. आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसे शक था कि बालक की मां ‘जादू-टोना’ करती है. आरोपी का दावा है कि 15 साल पहले उसके भाई की जलकर मौत और उसकी माँ की बीमारी का कारण यही तंत्र-मंत्र था. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
चंदौली: पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाई थी ₹1.20 करोड़ की शराब, 2 गिरफ्तार
चंदौली पुलिस ने सैयदराजा थाना क्षेत्र के बरठी कमरौर में शराब तस्करी के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने एक ट्रक और रेकी कर रही बोलेरो गाड़ी के साथ दो तस्करों को दबोचा है. ट्रक से 710 पेटी (कुल 6325.92 लीटर) अवैध विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार में कीमत 1.20 करोड़ रुपये है. तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए शराब को पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपा रखा था. यह खेप नोएडा से बिहार ले जाई जा रही थी. गिरफ्तार आरोपी झारखंड के निवासी हैं. पुलिस अब इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड की तलाश में है.
बुलंदशहर: दबंग पड़ोसी का महिला पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई दरिंदगी
बुलंदशहर के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के हरिएन्क्लेव में एक महिला पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. आरोपी युवक, जिसका पुराना आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है, ने महिला के साथ जमकर मारपीट की. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया. पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है.
सोनभद्र: 25 हजार का इनामी और हेरोइन तस्कर प्रतीक उर्फ बंटी गिरफ्तार
सोनभद्र पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है. हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी अपराधी प्रतीक कुमार उर्फ बंटी को रॉबर्ट्सगंज पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने धर दबोचा. गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से 22 ग्राम अवैध हेरोइन मिली, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2.20 लाख रुपये है. एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि आरोपी पर हत्या और मादक पदार्थों की तस्करी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं.
अंबेडकरनगर में नीलगाय के शिकार का मामला, वीडियो वायरल होने के बाद मुकदमा दर्ज
अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में नीलगाय के शिकार का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार बंदूक से गोली मारकर नीलगाय का शिकार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी शिकार करते दिखाई दे रहा है. वन विभाग की तहरीर पर पुलिस ने मो. कुनमुन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. देर रात वन विभाग और पुलिस की मौजूदगी में मृत नीलगाय को दफनाया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है.
हरपालपुर में आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत
हरदोई जिले के हरपालपुर क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि उसके दो बेटे घायल हो गए. परिजनों ने दोनों घायलों को तुरंत सीएचसी हरपालपुर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया. मृतक किसान और उसके दोनों पुत्र राजा खद्दीपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. सीएचसी प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है. हरपालपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है.
दीपासराय की महिला जासूसी के आरोप में गिरफ्तार
संभल के दीपासराय की रहने वाली शानेइरम को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. 13 मार्च को एटीएस ने उसे उसके ससुराल से हिरासत में लिया. बताया जा रहा है कि महिला की शादी दो साल पहले फैजान नाम के युवक से हुई थी, जो पेशे से ड्राइवर है. महिला का मायका ऐंचोड़ा कंडोह गांव में है. मामले को लेकर महिला की सास का कहना है कि उनके घर में इस तरह की किसी गतिविधि की उन्हें जानकारी नहीं थी. फिलहाल एटीएस पूरे मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध संपर्कों की पड़ताल की जा रही है.
गुलदार के हमले में 10 वर्षीय बच्ची की मौत, क्षेत्र में दहशत
मुकर्रमपुर गांव में गुलदार के हमले से 10 वर्षीय बालिका अदिति की दर्दनाक मौत हो गई. बताया गया कि बच्ची खेत से घर लौट रही थी, तभी झाड़ियों में घात लगाए गुलदार ने उस पर हमला कर दिया. गुलदार मां और भाई के सामने ही बच्ची को गर्दन से दबोचकर जंगल की ओर खींच ले गया. ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह करीब 200 मीटर दूर बच्ची को लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गया. परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अदिति को मृत घोषित कर दिया. घटना नहटौर थाना क्षेत्र की है. सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर गश्त बढ़ाने में जुट गई है.
बेटे ने सौतेली मां की गर्दन काटकर की हत्या
संभल के बहजोई थाना क्षेत्र की घटना सामने आई है. बीस साल के युवक ने सौतेली मां की कुल्हाड़ी से गर्दन काट कर हत्या कर दी. टाइम पर खाना न देने पर हत्या की. पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने महिला का शव पीएम को भेजा.
साहिदा निकली बांग्लादेशी, 50 साल पहले आई थी भारत
गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव से देश विरोधी गतिविधियों में जुड़े छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं. जांच में सामने आया है कि आरोपी इकराम की मां साहिदा करीब 50 साल पहले बांग्लादेश से भारत आई थी और यहां की नागरिकता लेकर यहीं बस गई. उसके पास भारतीय पासपोर्ट भी है. एजेंसियां अब उसके विदेश यात्रा के लिंक और संपर्कों की भी जांच कर रही हैं. वहीं जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शावेज उर्फ जिहादी पढ़ा-लिखा है और कभी डॉक्टर बनने का सपना देखता था, लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं कर सका. बाद में उसने किराने की दुकान खोली और सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी वीडियो देखने लगा, जिसके जरिए वह संदिग्ध नेटवर्क के संपर्क में आया.
शादी में पति-पत्नी ने की हर्ष फायरिंग, वीडियो वायरल
जालौन के रामपुरा थाना क्षेत्र में शादी समारोह में पति-पत्नी ने हर्ष फायरिंग की, जिसका वीडियो वायरल हो गया. निकासी के दौरान लाइसेंसी बंदूक से कई राउंड फायरिंग की. भिटारी के हरेंद्र उर्फ रानू प्रजापति और उसकी पत्नी का वीडियो वायरल. डांस के बीच पत्नी से भी कराई हवाई फायरिंग.
परीक्षा देने आए दोस्त कर रहे थे कार में शराब पार्टी, हुआ एक्सीडेंट
सब इंस्पेक्टर की परीक्षा देने इलाहाबाद से कानपुर आए आए परीक्षार्थियों की तेज रफ्तार लग्जरी कार के पलटने का मामला सामने आया है. परीक्षा देने के बाद अपने दोस्त के साथ कार में कर रहे थे शराब पार्टी. नशे में गाड़ी चला रहे चालक की तेज रफ्तार लग्जरी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई.
इससे गाड़ी में सवार तीन लोग घायल हो गए. तीनों को चकेरी पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से पहुंचाया अस्पताल. चकेरी थाना क्षेत्र के PAC मोड का मामला है.
मायावती बोलीं- सत्ता की चाबी हासिल करें
लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित की. कांशीराम जयंती पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से वोटों की ताकत के जरिए सत्ता की चाबी हासिल करने के लिए एकजुट होने को कहा.
सरकारी अस्पताल में शराब पार्टी, वीडियो हुआ वायरल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय जिला चिकित्सालय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बताया जा रहा है कि अस्पताल के लैब में बैठकर कर्मचारी शराब पी रहे हैं. इसके साथ ही नॉनवेज का भी आनंद लिया जा रहा है. बताया जा रहा कि इस लैब में ब्लड सैंपलिंग की रिपोर्ट तैयार की जाती है. घटना संज्ञान में आने के बाद सीएमएस ने मामले में जांच करने की बात की है.
25 हजार का इनामी शातिर चोर गिरफ्तार
बलिया के गडवार पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने 25 हजार का इनामी शातिर चोर टेंगर नट को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार.पैर में लगी गोली. तमंचा और कारतूस बरामद किए गए. जिले के अलग-अलग थाने में लगभग 20 चोरी नकाबजनी के मुकदमे में है वांछित.
सड़क हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत, पिता घायल
बदायूं में अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए सड़क हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. परिवार बाइक से होली मिलने के बाद बेटी के घर से लौट रहा था, तभी हादसा हो गया. दुर्घटना में 18 वर्षीय शिवम और 48 वर्षीय खिलौना देवी की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी पेट्रोल पंप के पास हुई. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
जौनपुर में कार्य में लापरवाही पर बिजली विभाग के जेई निलंबित
जौनपुर में कार्य में लापरवाही पर बिजली विभाग के जेई को निलंबित कर दिया गया. ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने जौनपुर मड़ियाहूं के जेई सहजात अली को निलंबित करने का निर्देश दिया था. एरिया और पावर स्टेशन कार्य में बड़ी लापरवाही के बाद बिजली विभाग के अधिकारी के किया निलंबित.
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का मथुरा-वृंदावन तीन दिवसीय धार्मिक दौरा
भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू 19 से 21 मार्च तक मथुरा-वृंदावन के तीन दिवसीय धार्मिक दौरे पर रहेंगी. 19 मार्च को शाम 5 बजे उनका हेलीकॉप्टर मथुरा आर्मी हेलीपैड पर उतरेगा, इसके बाद वे वृंदावन के इस्कॉन मंदिर और प्रेम मंदिर में दर्शन करेंगी. 20 मार्च को विभिन्न आश्रमों व सेवा संस्थानों का दौरा करेंगी. 21 मार्च को वे गोवर्धन पहुंचकर दानघाटी मंदिर में पूजा कर गिरिराज परिक्रमा करेंगी. इस दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा, सफाई और सजावट की तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
SI भर्ती परीक्षा के प्रश्न पर विवाद, भर्ती बोर्ड ने दिए जांच के आदेश
कुंडा में 101 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह
राघूराज प्रताप सिंह ने प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र में 101 गरीब कन्याओं का भव्य सामूहिक विवाह कराया. कुंडा स्थित बजरंग महाविद्यालय कुंडा परिसर में धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित हुआ. इस मौके पर अक्षय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे और नवविवाहित जोड़ों का स्वागत किया. सभी 101 जोड़ों को गहनों सहित करीब 75 प्रकार के घरेलू उपहार दिए गए. राजा भैया 1994 से लगातार इस परंपरा को निभाते आ रहे हैं और अब तक हजारों गरीब कन्याओं का विवाह करा चुके हैं. कार्यक्रम में 101 बारातों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े.
SI भर्ती परीक्षा के नाम पर ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार
एसटीएफ ने SI भर्ती परीक्षा के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी टेलीग्राम चैनलों के जरिए परीक्षा का पेपर आउट कराने का झांसा देकर पैसे वसूलते थे. जांच में सामने आया कि गिरोह फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल कर बड़ा ठगी नेटवर्क चला रहा था. एसटीएफ की टीम ने आरोपियों को सवाई माधोपुर से गिरफ्तार किया. SI भर्ती परीक्षा की निगरानी में एसटीएफ और भर्ती बोर्ड की टीम लगातार सक्रिय थी.