शाहजहांपुर में खून की होली: पति ने पत्नी का गला काटा, प्रेमी पर डाला तेजाब
Last Updated:
यूपी के शाहजहांपुर में एक शख्स ने होली के दिन कत्लेआम मचा दिया. अपने प्रेमी के साथ लिव इन में रह रही पत्नी की उसने गला रेतकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं पत्नी के प्रेमी पर तेजाब डाल दिया, जिससे वह बुरी तरह से झुलस गया.
शाहजहांपुर में होली पर खूनी संघर्ष
मृतका की पहचान 31 वर्षीय आरती के रूप में हुई है. आरती ने करीब 10 साल पहले मनमोहन पांडे (उर्फ सोनू) से लव मैरिज की थी. दोनों का रिश्ता मूल रूप से रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र से जुड़ा था. वैवाहिक जीवन में लगातार विवाद चलते रहे. आरती ने पति के खिलाफ केस भी दर्ज कराया था. इसी दौरान आरती का चौक कोतवाली क्षेत्र के बृजदीप से संबंध शुरू हो गया. पिछले कुछ महीनों से दोनों बालाजी नगर में किराए के मकान में लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे.
पत्नी के रिश्ते से बेहद नाराज था
पुलिस के अनुसार, मनमोहन इस रिश्ते से बेहद नाराज था. होली के दिन उसने मुखौटा पहनकर होली खेलने के बहाने घर पहुंचा. दरवाजा खुलते ही उसने बृजदीप पर तेजाब फेंक दिया, जिससे बृजदीप का चेहरा और शरीर बुरी तरह जल गया. जब आरती बाहर आई, तो मनमोहन ने धारदार हथियार से उसके गले पर वार कर दिया. आरती की मौके पर ही मौत हो गई.
प्रेमी की हालत गंभीर
इस दौरान बृजदीप और मनमोहन के बीच भी हाथापाई हुई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने हंगामा मचते देख पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आरती को मृत घोषित कर दिया. मनमोहन और बृजदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से धारदार हथियार और अन्य सबूत बरामद किए हैं. बृजदीप की तहरीर पर मनमोहन के खिलाफ हत्या, तेजाब हमला और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. जांच में पता चला है कि यह पूरी वारदात पुरानी रंजिश और वैवाहिक विवाद का नतीजा है.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें