सहारनपुर की ये महिला किसान उगा रही ऑर्गेनिक स्ट्रॉबेरी, दिल्ली में धूम
Last Updated:
Organic strawberries : उन्होंने अपने खेत में पहली बार ऑर्गेनिक तरीके से स्ट्रॉबेरी उगाई है और पहली बार में ही झंडे गाड़ दिए हैं. ये स्ट्रॉबेरी मंडी में नहीं बल्कि सीधा खेत से दिल्ली में बिक रही है.
शुभावरी कई सालों से कर रही स्ट्रॉबेरी की ऑर्गेनिक खेती, बिकती है ₹400 किलो
सहारनपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्राकृतिक और गौ आधारित खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों से सहारनपुर के किसान लगातार प्रेरणा ले रहे हैं. इसी क्रम में सहारनपुर के छोटे से गांव कोठड़ी बहलोलपुर के रहने वाले किसान संजय चौहान की 19 साल बेटी सुर्खियों में है. 19 साल की महिला किसान शुभावरी चौहान 9 साल की उम्र से अपने पिता संजय चौहान के साथ गौ आधारित प्राकृतिक खेती करने में जुटी हैं. शुभावरी अपने खेत में ऑर्गेनिक तरीके से विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती करती हैं. शुभावरी ने अपने खेत में इस बार ऑर्गेनिक तरीके से स्ट्रॉबेरी की फसल लगाई है.
शुभावरी की ये स्ट्रॉबेरी मंडी में नहीं बल्कि सीधा खेत से दिल्ली जा रही है. शुभावरी की स्ट्रॉबेरी ऑनलाइन khetibadi.com सहित ऐप के माध्यम से भी लोगों को घर बैठे उपलब्ध हो रही है. शुभावरी चौहान ऑर्गेनिक गन्ने से गुड़ और शक्कर भी तैयार करती हैं जो पूरे भारत में ही नहीं बल्कि विदेश में भी अपनी मिठास से धूम मचाए हुए हैं. ऑर्गेनिक खेती में शुभावरी मात्र 19 साल की उम्र में पहचान बना चुकी हैं. इसके लिए वो प्रदेश स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक सम्मानित भी हो चुकी हैं.
इतने रुपये किलो
किसान शुभावरी लोकल 18 से बात करते हुए कहती हैं कि उन्होंने अपने खेत में पोंटा साहिब से लाकर केम्रोजा वैरायटी की स्ट्रॉबेरी लगाई है. इसकी खेती उन्होंने अक्टूबर महीने में शुरू की थी, जिसने अब फ्रुटिंग देना शुरू कर दिया है. शुभावरी बताती हैं कि उन्होंने स्ट्रॉबेरी की खेती लगभग एक एकड़ में कर रखी है, जिसमें वो सहफसली के रूप में स्ट्रॉबेरी को आम के बाग में लगा रखा है. स्ट्रॉबेरी की खेती में वो अपना जैविक खाद इस्तेमाल करती हैं जिसे वो गाय के गोबर की सड़ी हुई खाद और गौ मूत्र से जीव अमृत तैयार करती हैं. बुआई से पहले जमीन की मिट्टी में हरी खाद जैसे षणी, ढेंचा मिलाती हैं और उसे खेत में ही सड़ने के लिए छोड़ देती हैं. इससे खेत की नाइट्रोजन और उर्वरकता शक्ति कई गुना बढ़ जाती है, जिससे ऑर्गेनिक खेती में बहुत सहयोग मिलता है.
शुभावरी को जैविक खेती करते हुए लगभग 10 साल का समय हो चुका है. उनके खेत में उगाई जाने वाली स्ट्रॉबेरी सहारनपुर की मंडी में नहीं बल्कि दिल्ली की मंडी में सीधा खेत से ही 400 रुपये किलो बिक रही है.