हरियाणा में VIP नंबर पर 1.17 करोड़, नोएडा में बिका 0001 नंबर, कीमत इतनी आ जाए एक और लग्जरी कार
Greater Noida: हरियाणा से लेकर उत्तर प्रदेश तक वाहन (कार) नंबर प्लेटों का क्रेज नए-नए रिकॉर्ड रच रहा है. करोड़ों की बिडिंग, लाखों की डिपॉज़िट और आकर्षक नंबरों का जुनून… ये सब मिलकर एक बार फिर साबित कर रहे हैं कि भारत में फैंसी नंबर सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि स्टेटस का सिंबॉल बन चुके हैं. जी हां…हरियाणा के चरखी दादरी के बाढड़ा में फैंसी नंबर HR88B8888 पर बोली 1.17 करोड़ रुपए तक पहुंच गई थी, तो वहीं अब गौतमबुद्ध नगर में एक नंबर पर 27.50 लाख में बिका है.
नोएडा में भी टूटा रिकॉर्ड, 0001 नंबर 27.50 लाख में बिका
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) जिले में भी इसी तरह फैंसी नंबरों का क्रेज देखने को मिला. यहां 0001 नंबर को एक निजी कंपनी ने 27.50 लाख रुपए की बोली लगाकर खरीद लिया. परिवहन विभाग ने पुष्टि की कि यह गौतमबुद्ध नगर में किसी आकर्षक नंबर पर लगी अब तक की सर्वाधिक बोली है. यह नंबर UP16 FH सीरीज की एक मर्सिडीज कार के लिए खरीदा गया है.
एम/एस अविओरियन प्राइवेट लिमिटेड नाम की फार्मा कंपनी ने शुरुआती धरोहर राशि 33,333 रुपए जमा कराकर नीलामी में हिस्सा लिया था और फिर सबसे ऊंची बोली लगाकर यह नंबर हासिल किया. विभाग के अनुसार, नंबर का बेस प्राइस 1 लाख रुपए था, जिसके बाद से बोली शुरू हुई.
बढ़ रहा फैंसी नंबर का क्रेज
गौतमबुद्ध नगर के ARTO (प्रशासन) नंद कुमार ने कहा कि आकर्षक नंबरों का क्रेज लगातार बढ़ रहा है. हर नई सीरीज में लोग अपनी पसंद के नंबर के लिए बड़ी-बड़ी बोली लगाने को तैयार रहते हैं.
नोएडा में नंबरों के पुराने रिकॉर्ड
सितंबर 2025: UP16 FD-0008 नंबर की बोली पहुंची थी11 लाख रुपए तक.
अक्टूबर 2024: UP16 EP-0001 नंबर की बोली 32 लाख रुपए पर गई थी, लेकिन खरीदार ने बाद में नंबर नहीं लिया.
पिछले महीने की नीलामी में
0001 नंबर 9.76 लाख में बिका
0007 नंबर 9.35 लाख
0004 नंबर 9.05 लाख
कुछ वर्ष पहले एक व्यक्ति ने दोपहिया वाहन के 6 नंबर के लिए 50 लाख रुपए तक की बोली लगाई थी, पर बकाया राशि न जमा करने से नंबर आवंटित नहीं हो पाया था.
प्राइवेट गाड़ियों के लिए नई सीरीज UP16 FJ जल्द जारी होगी. वाहन मालिक आकर्षक और अति आकर्षक नंबर ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर बुक कर सकेंगे. पंजीकरण और बुकिंग परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर की जा सकती है parivahan.gov.in सीरीज जारी होने के अगले दिन से नीलामी रजिस्ट्रेशन शुरू होगा.