होली से पहले ये गलती न करें! डॉक्टर ने बताए स्किन बचाने के आसान टिप्स
आगरा. आगरा में होली का पर्व हर साल बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया जाता है. इस बार भी घर-घर में रंगों के इस त्योहार की तैयारियां जोरों पर हैं. ऐसे में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आशीष मित्तल ने लोगों को होली खेलने से पहले कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है, ताकि रंगों की मस्ती के बीच सेहत पर कोई बुरा असर न पड़े.
होली खेलने से पहले लगाएं नारियल या सरसों का तेल
डॉ. मित्तल के अनुसार, होली खेलने से पहले शरीर पर नारियल तेल, सरसों का तेल या किसी अच्छे ब्रांड का मॉइश्चराइजर लगाना बेहद फायदेमंद होता है.
इसके फायदे
1) केमिकल रंगों का असर त्वचा पर कम पड़ता है.
2) स्किन ड्राई या फटने से बचती है.
3) रंग आसानी से छूट जाता है.
4) एलर्जी और रैशेज की संभावना कम हो जाती है.
उन्होंने बताया कि बालों की सुरक्षा के लिए भी सरसों या नारियल तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे रंगों का नुकसान कम होगा और बाल रूखे नहीं होंगे.
आंखों की सुरक्षा भी है जरूरी
रंग खेलते समय आंखों में केमिकल रंग जाने का खतरा रहता है. इसलिए चश्मा लगाकर होली खेलने की सलाह दी गई है. इससे आंखों में जलन, खुजली या संक्रमण से बचाव किया जा सकता है.
हर्बल और प्राकृतिक रंगों का करें इस्तेमाल
डॉ. मित्तल ने अपील की है कि बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त रंगों से दूरी बनाए रखें. हर्बल कलर का प्रयोग करें. प्राकृतिक गुलाल या फूलों की होली खेलें. ऐसा करने से त्वचा रोग और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है.
एलर्जी या जलन होने पर तुरंत डॉक्टर से मिलें
वरिष्ठ चिकित्सक ने चेतावनी दी कि केमिकल रंग कई बार त्वचा रोग का कारण बन सकते हैं. यदि रंग गलती से मुंह में चला जाए, तो तुरंत साफ पानी से कुल्ला कर उसे बाहर निकाल दें. यदि होली खेलने के बाद त्वचा पर लाल धब्बे दिखें, जलन या खुजली हो, पेट दर्द या अन्य परेशानी महसूस हो तो तुरंत नजदीकी चिकित्सक से परामर्श लें.
सावधानी के साथ मनाएं सुरक्षित होली
होली खुशियों और रंगों का त्योहार है, लेकिन थोड़ी सी सावधानी इसे और सुरक्षित बना सकती है. एक्सपर्ट की सलाह मानकर प्राकृतिक रंगों के साथ होली खेलें और अपनी त्वचा, बालों व आंखों की सुरक्षा जरूर करें.