₹450 के बीज से रामपुर का किसान कमा रहा लाखों, बैंगन की ये खास वैरायटी बना रही मालामाल
Last Updated:
Brinjal Farming Benefits: रामपुर के किसान सोमराज ने बैंगन की खेती को अपनी कमाई का मुख्य जरिया बना लिया है. महज 450 रुपये के बीज से शुरू होने वाली यह फसल दो महीने में फल देना शुरू कर देती है और लगातार चार महीने तक आमदनी देती है. बाजार में 40 से 50 रुपये किलो तक बिकने वाला यह चमकदार बैंगन व्यापारियों की पहली पसंद है. जानिए इस खास किस्म के बैंगन की खूबियां और इसकी खेती का वो गणित, जो कम मेहनत में किसानों को मालामाल कर रहा है.
रामपुर: खेती-किसानी में अगर सही समय पर सही फसल का चुनाव किया जाए, तो कम जमीन से भी शानदार कमाई की जा सकती है. रामपुर के किसान सोमराज ने इसे सच कर दिखाया है. वे पिछले कई सालों से बैंगन की खेती कर रहे हैं. उनकी सफलता यह बताती है कि सब्जियों की खेती कैसे एक छोटे किसान की जिंदगी बदल सकती है.
किसान सोमराज बताते हैं कि वह बैंगन की निशान किस्म की खेती करते है जो आम बैंगन की तुलना में काफी अलग होता है. इसका साइज बड़ा होता है और इसकी त्वचा बहुत चमकदार होती है. मंडी में जब यह बैंगन पहुंचता है, तो अपनी चमक की वजह से दूर से ही नजर आ जाता है. व्यापारियों को यह बैंगन बहुत पसंद आता है और वे इसे खरीदने में काफी रुचि दिखाते हैं. यही कारण है कि किसान को अपनी फसल बेचने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ता.
नाम मात्र की लागत और भारी पैदावार
निशान बैंगन की खेती में खर्च बहुत कम आता है. सोमराज के मुताबिक, 4 बीघा जमीन के लिए सिर्फ 30 ग्राम बीज की जरूरत होती है, जिसकी कीमत मात्र 450 रुपये के आसपास है. यानी एक बीघा में सिर्फ 10 ग्राम बीज काफी होता है. अगर समय पर सिंचाई और सही देखभाल की जाए, तो एक बार की तुड़ाई में करीब 5 क्विंटल तक बैंगन निकल आता है. एक औसत निशान बैंगन का वजन 60 से 80 ग्राम के बीच होता है, जिससे यह देखने में काफी भरा-पूरा और सुंदर लगता है.
साल भर चलता है फलों का सिलसिला
इस बैंगन की एक और बड़ी खूबी इसका लंबे समय तक फल देना है. सोमराज बताते हैं कि अच्छी देखरेख मिले तो यह पौधा लंबे समय तक चलता है. कुछ किसान तो इसे साल भर तक उगाते हैं, जिससे उन्हें पूरे साल लगातार आमदनी होती रहती है. चूंकि यह एक सीजनल सब्जी है, इसलिए इसकी मांग बाजार में हमेशा बनी रहती है.
बाजार भाव और मुनाफे का हिसाब
अगर मुनाफे की बात करें, तो बाजार में इस बैंगन का दाम 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक आसानी से मिल जाता है. जब सीजन चरम पर होता है या बाजार में आवक कम होती है, तो इसकी कीमतें और भी ऊपर चली जाती हैं. सोमराज का कहना है कि वे कई तरह की सीजनल सब्जियां उगाते हैं, लेकिन निशान बैंगन ने उनकी कमाई को लाखों में पहुंचा दिया है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें