जिंदगी भर पिता कमाता रहा पैसे, जब हुए रिटायर्ड, तो 20 साल के बेटे ने ही मांग ली 8 लाख की फिरौती
Last Updated:
Aligarh Latest News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक लड़के ने अपनी खुद की किडनैपिंग का प्लान बनाया और फिर अपने पिता से 8 लाख की फिरौती की मांग कर दी. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
अलीगढ़: यूपी में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्र ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी किडनैपिंग की साजिश रचने का मामला सामने आया है. इसमें हैरान कर देने वाली बात यह है कि युवक ने अपने ही पिता से खुद की किडनैपिंग के बदले 8 लाख रूपये की फिरौती मांग डाली. पुलिस की और अधिकारियों ने परिवार की शिकायत मिलते ही चार टीम गठित की और मात्र आधा घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर डाला. बताते हैं कि ऑनलाइन गेमिंग में काफी रुपए हार जाने के चलते युवकों ने यह कदम उठाया. यह पूरी घटना अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना इलाके से संबंधित है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना इलाके के कृष्णा नगर बरौला जाफराबाद बाईपास पर सत्यवीर सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं. जोकि हाल ही में सिंचाई विभाग से रिटायर्ड हुए हैं. सत्यवीर का करीब 20 वर्षीय बेटा कृष्णा ऊर्फ डब्बू एएमयू से बी-कॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है. जिसका मित्र नवीन गगन पब्लिक स्कूल में पढ़ता है. बताते हैं की दोनों दोस्त ऑनलइन गेमग में फंस गए और काफी रूपये हार चुके हैं. जिसके चलते परेशान रहते थे.
हाल ही में कृष्णा के पिता सत्यवीर सिंचाई विभाग से रिटायर्ड हुए तो उनके रिटायरमेंट पर काफ़ी रुपया उनको मिला, जिसकी जानकारी कृष्णा को हो गई. तो पैसे की जरूरत पूरी करने के लिए कृष्णा ने अपने दोस्त नवीन के साथ मिलकर अपनी ही किडनैपिंग की कहानी रच डाली और अपने ही नंबर से दोस्त के जरिये पिता को फिरौती के लिए कॉल कर 8 लाख रूपये की डिमांड कर दी. फिरौती की डिमांड में वार्गनिंग हुई तो रकम कुछ कम भी हो गई. इसकी शिकायत परिवार ने पुलिस से की और पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी.
घटना पर जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी द्वितीय कमलेश कुमार ने बताया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपहर्त युवक की बरामदगी हेतु 4 टीमों का गठन किया गया. जिनके द्वारा अपहर्त कृष्णा उर्फ डब्बू उम्र 20 वर्ष को सूचना मिलने के लगभग आधा घंटा बाद ही खैर रोड स्थित गगन पब्लिक स्कूल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से बरामद किया गया. अपहर्त से पूछताछ करने पर जानकारी हुई कि अपहर्त कृष्णा उर्फ डब्बू और उसके मित्र नवीन पुत्र श्याम सिंह निवासी शिव धाम कालोनी नादा बाईपास थाना रोरावर अलीगढ़ द्वारा अपने परिजनों से पैसे प्राप्त करने के उद्देश्य से अपहरण की झूठी साजिश रची थी. कृष्णा उर्फ डब्बू एवं नवीन पुत्र श्याम सिंह उपरोक्त दोनों छात्र है जिनके भविष्य को देखते हुये दोनों को उनके परिजनों को सकुशल सुपुर्द किया गया. जिसपर परिजनों द्वारा अपने बच्चे को सकुशल पाकर अलीगढ़ पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई.
About the Author

न्यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे…और पढ़ें