‘प्रभु राम ने इंसानियत के लिए काम किया, हमें कोई ऐतराज नहीं’, मनरेगा योजना के नए नाम को लेकर क्या बोले मुस्लिम
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में मनरेगा योजना के नाम में होने जा रहे बदलाव को लेकर मुस्लिम समाज खुश है. मुस्लिम समुदाय ने कहा कि नाम बदलने से यदि योजना में तेजी आएगी तो इससे बेहतर कुछ नहीं है. मनरेगा योजना को लेकर मोदी सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून यानी मनरेगा को खत्म कर नया कानून लाने जा रही है. इसका नया नाम ‘विकसित भारत-जी राम जी’ होगा. इसमें रोजगार के दिन 100 से बढ़ाकर 125 किए जाएंगे.
हालांकि इससे पहले कांग्रेस सरकार ने भी इस योजना का नाम बदला था. भाजपा सरकार ने फिर इसका नाम बदला है और दिनों की सख्या भी बढ़ाई है. ऐसे में जमीनी सुधार होने की उम्मीद बढ़ गई है. आगरा के मुस्लिम समुदाय ने कहा कि यदि नाम बदलने से योजना में सुधार होगा तो इसका स्वागत है. मोदी सरकार नाम बदलने के साथ इसे जमीनी स्तर पर भी तेजी के साथ लोगों को रोजगार आदि योजना का लाभ दिलाएं. लोगों ने कहा कि अच्छा है कि इस योजना का नाम भगवान के नाम से रखा जा रहा है.
भगवान राम के नाम की योजना का स्वागत
आगरा मंटोला के निवासी नदीम नूर ने कहा कि मोदी सरकार मनरेगा का नाम भगवान श्री राम के नाम पर रख रहे है तो हम इसका स्वागत करते है. उन्होंने कहा कि सरकार भगवान राम के बताए रास्ते पर काम करे तो इससे बहतर कुछ नहीं हो सकता है. नदीम ने कहा कि सरकार हर चीज का नाम भगवान राम से रखना चाहती है, लेकिन भगवान राम की तरह काम भी करे.
उन्होंने कहा कि भगवान राम पूरी प्रजा के हित में कार्य करते थे, क्या सरकार भी उन्हीं की तरह काम करेगी. अगर इस योजना का नाम बदला है और जमीनी हकीकत कुछ और ही रहती है तो कोई फायदा नहीं होगा. नदीम ने कहा कि नाम बदलने के साथ-साथ लोगों को योजना का लाभ भी मिलना चाहिए.
नाम बदलने से नहीं, जमीनी हकीकत पर काम जरूरी
आगरा निवासी कादिर ने कहा कि सिर्फ नाम बदलने से कुछ नहीं होगा, योजना से फायदा कितने लोगों को होगा ये मायने रखता है. उन्होंने कहा कि हर सरकार अपने हिसाब से काम और नाम रखने का कार्य करती है. केंद्र सरकार अब मनरेगा का नाम बदल रही है और यह अच्छा है, लेकिन योजना का लाभ भी हर पात्र व्यक्ति को मिले तो फायदा है. कादिर ने कहा कि इस योजना का नाम भगवान राम पर रखा गया है. इससे मुस्लिम समुदाय में खुशी है. उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है, बस लाभ मिलना जरूरी है.
लोगों को मिलेगा योजना से लाभ
आगरा निवासी मुमताज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मनरेगा का नाम भगवान राम पर रखा है, यह अच्छा फैसला है. उन्होंने कहा कि अब इस योजना से हर पात्र व्यक्ति को लाभ मिलेगा, ऐसी उम्मीद है. मुमताज ने कहा कि नाम बदलने से किसी समाज को कोई खतरा नहीं है, बल्कि अब रोजगार आदि मिलेगा, देश खुशहाल बनेगा.