यूपी के मदरसों में गूंजेगा ‘वंदे मातरम’? ओपी राजभर ने इशारों में दिया बता
Last Updated:
Lucknow Latest News: ओपी राजभर का एक बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने कहा है कि जल्द ही यूपी के मदरसों में भी वंदे मातरम गूंज सकता है. आइए विस्तार से जानते हैं सबकुछ.
ओपी राजभर.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मदरसों में भी जल्द ‘वंदे मातरम’ के गान को अनिवार्य किए जाने की तैयारी शुरू हो सकती है. इसको लेकर प्रदेश सरकार की ओर से बड़ा संकेत मिला है. यूपी के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओपी राजभर ने एक मीडिया इंटरव्यू में कहा कि उनकी सरकार इस दिशा में कदम उठाने पर विचार कर रही है.
दरअसल, पश्चिम बंगाल में मदरसों में ‘वंदे मातरम’ को अनिवार्य किए जाने के फैसले के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी इस मुद्दे पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव 2027 से पहले यह मामला प्रदेश की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकता है.
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग उनके पास है और यूपी के मदरसों में भी ऐसी व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जाएगा. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें कोई बुराई नहीं है. राजभर ने कहा कि सरकार की मंशा मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर देना है. उनके मुताबिक सरकार चाहती है कि बच्चों को अमन, भाईचारे और मुख्यधारा से जोड़ने वाली शिक्षा मिले.
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. राजभर ने आरोप लगाया कि कुछ दल वर्षों से मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करते रहे हैं और उन्हें शिक्षा और विकास से दूर रखा गया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि जो वे कहें, वही अंतिम सच मान लिया जाए.
पश्चिम बंगाल में मदरसों में ‘वंदे मातरम’ अनिवार्य किए जाने के फैसले को लेकर पहले से ही विवाद बना हुआ है. कई मुस्लिम संगठनों और विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया है. अब यूपी में मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बयान के बाद यह मुद्दा और अधिक राजनीतिक बहस का कारण बनता दिखाई दे रहा है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें