अद्भुत वास्तुकला…महराजगंज का जगन्नाथ मंदिर अपने आप में समेटे हैं कई रहस्य
Last Updated:
Maharajganj Jagannath Temple: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास बसा बरहड़ा महंत का प्राचीन जगन्नाथ मंदिर न सिर्फ गहरी आस्था का केंद्र है, बल्कि प्राचीन वास्तुकला का एक बेजोड़ नमूना भी है. सदियों पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर का निर्माण बिना किसी आधुनिक तकनीक के सिर्फ पारंपरिक चूने और पत्थरों से किया गया है. इसकी दीवारों पर उकेरी गई अद्भुत कलाकृतियां पुराने दौर के कारीगरों की कला को बयां करती हैं. कभी जगन्नाथ पुरी के वैष्णव संतों का प्रमुख विश्राम स्थल रहे इस दिव्य धाम में आज भी दूर-दूर से श्रद्धालु और इतिहास प्रेमी मानसिक शांति और दर्शन के लिए पहुंचते हैं. जानिए इस अनोखे मंदिर का इतिहास.
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में कई ऐसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल मौजूद हैं, जिनका अपना अलग महत्व है. इन्हीं में से एक है सिसवा क्षेत्र के बरहड़ा महंत में स्थित प्राचीन जगन्नाथ मंदिर. यह मंदिर अपनी अनोखी बनावट, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व के कारण लोगों के बीच खास पहचान रखता है. दूर-दूर से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं, वहीं इतिहास और पुरातत्व में रुचि रखने वाले लोगों के लिए भी यह जगह आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.
चूना और पत्थर से बना है मंदिर
बरहड़ा महंत का यह प्राचीन मंदिर पारंपरिक निर्माण शैली का बेहतरीन उदाहरण माना जाता है. मंदिर का निर्माण चूना और पत्थर से किया गया है. आज जहां आधुनिक मशीनों और नई तकनीकों से भवन बनाए जाते हैं, वहीं इस मंदिर की संरचना पुराने समय के कारीगरों की अद्भुत कला को दर्शाती है. मंदिर की मजबूत दीवारें, खंभे और उन पर उकेरी गई कलाकृतियां इसकी सुंदरता को और बढ़ा देती हैं. मंदिर की बनावट देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्राचीन समय में धार्मिक स्थलों का निर्माण कितनी बारीकी और मेहनत से किया जाता था. इसकी वास्तुकला आज भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है.
आस्था के साथ इतिहास की भी पहचान
यह मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं है, बल्कि क्षेत्र के इतिहास से भी जुड़ा हुआ है. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, सदियों पहले जगन्नाथ पुरी से आने वाले वैष्णव संत इस मार्ग से होकर गुजरते थे और रात के समय यहां विश्राम किया करते थे. यही वजह है कि इस मंदिर का संबंध केवल धार्मिक आस्था से नहीं, बल्कि ऐतिहासिक विरासत से भी माना जाता है. मंदिर की संरचना इस बात का प्रमाण है कि पुराने समय में धार्मिक स्थलों के निर्माण में आध्यात्मिकता के साथ-साथ कला और शिल्प को भी विशेष महत्व दिया जाता था. यही कारण है कि वर्षों बीत जाने के बाद भी यह मंदिर अपनी पहचान बनाए हुए है.
दूर-दूर से पहुंचते हैं श्रद्धालु
बरहड़ा महंत का जगन्नाथ मंदिर आज भी लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. आसपास के गांवों के अलावा दूसरे जिलों से भी श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं. विशेष अवसरों और धार्मिक आयोजनों के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ती है. मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का कहना है कि यहां का शांत वातावरण और आध्यात्मिक माहौल मन को सुकून देता है. धार्मिक महत्व, प्राचीन निर्माण शैली और ऐतिहासिक विरासत को अपने भीतर समेटे बरहड़ा महंत का जगन्नाथ मंदिर आज भी महराजगंज की पहचान बना हुआ है.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें