छटपटा रहे अखिलेश, एक दिन जरूर तोडूंगा गुरूर, ओपी राजभर ने सपा प्रमुख को यूं लिया आड़े हाथ

0
छटपटा रहे अखिलेश, एक दिन जरूर तोडूंगा गुरूर, ओपी राजभर ने सपा प्रमुख को यूं लिया आड़े हाथ


लखनऊ: योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओपी राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर जमकर हमला बोला. राजभर ने कहा कि एक दिन वो अखिलेश यादव का गुरूर जरुर तोड़ेंगे. इस दौरान उन्होंने कहा कि अखिलेश जब तक सत्ता में रहे, उन्होंने प्रदेश को सिर्फ लूटने का ही काम किया.

ओपी राजभर ने सपा प्रमुख पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे सिर्फ यादवों को प्राथमिकता देते हैं और अतिपिछड़ों को सिर्फ वोट के लिए इस्तेमाल करते हैं. कहा कि वह पिछले आठ साल से सत्ता से बाहर हैं और वह (अखिलेश यादव) जब तक सत्ता में रहे, उन्होंने प्रदेश को सिर्फ लूटने का ही काम किया. आज तक उन्होंने प्रदेश के हित में कोई कदम नहीं उठाया.

ऐसे में आज जब वह सत्ता से बाहर हैं तो उन्हें छटपटाहट हो रही है. इस दौरान ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के बयान को अतिपिछड़ों का अपमान बताते हुए कहा कि उन्हें इस तरह का बयान देने से बचना चाहिए. अगर उनके पास पैसे नहीं हैं तो मैं उन्हें खेती करके कुछ पैसे दे दूंगा, लेकिन उन्हें यह हिदायत दूंगा कि वह इस तरह का बयान देने से बचें. कहा कि मुस्लिमों ने चार बार यादव परिवार से मुख्यमंत्री बनाया.

अगर सपा वालों में थोड़ी सी भी क्षमता है तो जरा यह वादा करे कि किसी मुस्लिम को सीएम बनाएंगे. कहा कि अतिपिछड़ों का यह केवल वोट लेंगे और 86 फीसदी लोगों में से 56 को एसडीएम बनाएंगे. पुलिस और लेखपाल की भर्ती में इन लोगों ने सिर्फ यादवों की भर्ती की है, इसलिए यह लोग राजभर से डरते हैं. कहा कि एक दिन वह अखिलेश यादव का गुरूर तोड़ेंगे.

इस दौरान ओपी राजभर ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उत्तर प्रदेश ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष शौकत अली की महाराजा सुहेलदेव पर की गई विवादित टिप्पणी को बहुजन समाज का अपमान बताया. उन्होंने शौकत अली पर आरोप लगाया कि वह बहुजन समाज के पुरुषों को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं. कहा कि सैयद सालार भारत को लूटने के लिए पूरी सेना लेकर आया था.

लेकिन, शौकत अली को इस बात के बारे में जानकारी नहीं है. वह लोगों के बीच में झूठी जानकारी फैला रहे हैं. महाराजा सुहलदेव एक बहादुर राजा थे. वह हमारे ही वशंज हैं. वह 40 किलो की तलवार चलाते थे. उन्होंने कहा कि शौकत अली को अपना बयान वापस लेना चाहिए. उधर, पप्पू यादव की ओर से पीएम मोदी की तारीफ किए जाने पर भी ओपी राजभर ने कटाक्ष किया.

कहा कि पप्पू यादव को जब राहुल गांधी के रथ से हटा दिया गया तो वह गिर पड़े. वह भारी शरीर के हैं, ऐसे में उन्हें वहां पर शरण नहीं मिली, इसलिए अब पप्पू यादव पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार की तारीफ कर रहे हैं. उन्होंने तेजस्वी यादव की ओर से बिहार अधिकार यात्रा निकालने पर कहा कि यह लोग प्रदेश में एक बार फिर से जातिगत हिंसा पैदा करना चाहते हैं.

ये लोग प्रदेश को हिंसा की आग में झुलसाना चाहते हैं. इस दौरान उन्होंने कहा कि निसंदेह बिहार में एनडीए की सरकार बनने जा रही है, क्योंकि प्रदेश की जनता लंबे समय तक राजद की सरकार देख चुकी है. जब देश की बात आती है तो वह बिहार को पिछड़ा प्रदेश कहती है. अब बिहार की जनता विकास के मामले में मुख्यधारा में वापस लौटना चाहती है. इसी को लेकर विरोधी दलों में खलबली मची हुई है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *