ब्लैकमेल और टॉर्चर से तंग मुजफ्फरनगर के युवक ने दी जान,प्रेमिका पर लगाए गंभीर आरोप
Last Updated:
मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के गढ़ी देशराज गांव में 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में उसकी प्रेमिका और उसकी मां पर मानसिक उत्पीड़न, पैसों की उगाही और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. घटना के बाद परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस सुसाइड नोट और तहरीर के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.
मुजफ्फरनगर में युवक ने की आत्महत्या
मुजफ्फरनगर. जिले के तितावी थाना क्षेत्र के गढ़ी देशराज गांव में एक 27 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान आयुष के रूप में हुई है, जिसने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया. मृतक आयुष ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका अंशिका भारद्वाज और उसकी मां बबीता को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है. सुसाइड नोट के अनुसार, आयुष का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से उसकी प्रेमिका उसे प्रेमजाल में फंसाकर आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी.
ब्लैकमेल और पैसों की उगाही का आरोप
सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रेमिका और उसकी मां मिलकर आयुष से पैसों की मांग करती थी और उसकी कुछ निजी तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करती थी. लगातार हो रही इस प्रताड़ना से परेशान होकर आयुष ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. परिवार का कहना है कि सुसाइड नोट में जो आरोप लगाए गए हैं, उनके आधार पर पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए ताकि दोषियों को सजा मिल सके.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया. सीओ फुगाना यतेंद्र नागर ने बताया कि प्रथम दृष्टि में मामला आत्महत्या का है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और सुसाइड नोट के आधार पर गहन जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सुसाइड नोट की सत्यता, आरोपों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है. जांच के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें