भीड़ में धक्का, फिर सोने की चेन हुई पार… माघ मेले में महिला सिविल जज के गले पर ब्लेड मारकर चेन ले उड़ीं चोरनियां

0
भीड़ में धक्का, फिर सोने की चेन हुई पार… माघ मेले में महिला सिविल जज के गले पर ब्लेड मारकर चेन ले उड़ीं चोरनियां


Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे विश्व प्रसिद्ध माघ मेले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. आस्था के इस संगम पर उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर शातिर महिला चोरों ने मध्य प्रदेश में तैनात एक महिला सिविल जज के गले से सोने की चेन और लॉकेट उड़ा दिया. वारदात के दौरान जज के गले पर चोट के निशान भी आए हैं. इस घटना ने मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

धक्का-मुक्की कर महिला गैंग ने काटी चेन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीक्षा तनेजा वर्तमान में मध्य प्रदेश के दतिया जिले (भाण्डेर) में वरिष्ठ व्यवहार न्यायाधीश (सिविल जज) के पद पर कार्यरत हैं. उनके सास-ससुर माघ मेले में कल्पवास कर रहे हैं. 18 जनवरी को दीक्षा तनेजा अपने परिवार के साथ संगम स्नान के लिए गई थीं. स्नान के लिए जाते समय दो-तीन महिलाओं ने उन्हें बार-बार धक्का देना शुरू किया.

जब तक वह कुछ समझ पातीं, महिलाओं ने उनके गले से लगभग 25 ग्राम (ढाई तोला) सोने की चेन और लॉकेट पार कर दिया. जज के अनुसार, उनके गले पर हल्का कट का निशान भी मिला है, जिससे आशंका है कि चेन काटने के लिए किसी कटर या ब्लेड का इस्तेमाल किया गया.

4.50 लाख की थी चेन, जांच में जुटी पुलिस
पीड़िता ने बताया कि चोरी गई चेन और लॉकेट की कीमत करीब 4.50 लाख रुपये है, जो उन्हें शादी में उपहार स्वरूप मिली थी. वारदात के बाद दारागंज थाने में अज्ञात महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि संगम क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध महिलाओं की पहचान की कोशिश जारी है.

मेले में अन्य श्रद्धालु भी बने शिकार
सिर्फ महिला जज ही नहीं, माघ मेले में चोरों ने अन्य श्रद्धालुओं को भी निशाना बनाया है. झूंसी क्षेत्र में कल्पवास कर रहे प्रतापगढ़ के विवेक दत्त शर्मा के शिविर से मोबाइल और नकदी चोरी हो गई. वहीं, लद्दाख से प्रयागराज ट्रांसफर होकर आए फौजी कमलेश कुमार यादव का मोबाइल चोरी कर शातिरों ने उनके खाते से 2 लाख 30 हजार रुपये पार कर दिए.

पुलिस की भारी मौजूदगी के बावजूद सक्रिय इन गिरोहों ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है. प्रशासन ने अपील की है कि संगम स्नान के दौरान कीमती सामान और आभूषणों को लेकर सतर्क रहें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *