संगम तट पर ‘स्वैग’… 3 करोड़ की लग्जरी कार और रे-बैन का चश्मा, चर्चा में सतुआ बाबा का ‘हाईटेक’ अंदाज
प्रयागराज: संगम की रेती पर सजे माघ मेले में इस बार सिर्फ आस्था की डुबकी ही नहीं, बल्कि साधु-संतों का ‘हाईटेक’ अंदाज भी सुर्खियां बटोर रहा है. देश के कोने-कोने से आए संतों के बीच काशी के युवा संत सतुआ बाबा अपने ‘लग्जरी लाइफस्टाइल’ को लेकर चर्चा के केंद्र में हैं. साधारण वेशभूषा, आंखों पर ब्रांडेड रे-बैन का चश्मा और शिविर के बाहर खड़ी करोड़ों की लैंड रोवर डिफेंडर कार… सतुआ बाबा का यह अंदाज सोशल मीडिया से लेकर मेले के गलियारों तक छाया हुआ है.
काशी के सतुआ बाबा पीठ के पीठाधीश्वर जगतगुरु महामंडलेश्वर संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा इस समय माघ मेले के सबसे चर्चित संत बन गए हैं. उनके पास मौजूद ‘लैंड रोवर डिफेंडर’ कार को मेले की सबसे महंगी गाड़ी बताया जा रहा है. इस कार की एक्स-शोरूम कीमत करीब 2.85 करोड़ रुपए है, जो रजिस्ट्रेशन और अन्य टैक्स मिलाकर 3 करोड़ रुपए के पार पहुंच जाती है. उत्तराखंड (हरिद्वार) नंबर की इस कार को देखने और इसके साथ सेल्फी लेने के लिए खाक चौक स्थित उनके शिविर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है.
कीमत पर बाबा का जवाब: ‘गूगल गुरु से पूछ लो’
जब मीडिया ने बाबा से इस लग्जरी कार की कीमत को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने बड़े ही रोचक अंदाज में जवाब दिया. बाबा ने कहा, ‘मुझे इसकी कीमत के बारे में कुछ नहीं पता, आप खुद गूगल पर चेक कर लीजिए.’ हालांकि, उन्होंने कार को लेकर कोई आधिकारिक बयान देने से परहेज किया, लेकिन उनका यह बेबाक अंदाज अब चर्चा का विषय बना हुआ है.
सतुआ बाबा केवल अपनी लग्जरी कार के लिए ही नहीं, बल्कि सत्ता के गलियारों में अपनी पैठ के लिए भी जाने जाते हैं. उन्हें अक्सर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज के कार्यक्रमों में देखा जाता है. इसी माघ मेले की शुरुआत में प्रयागराज के डीएम मनीष कुमार वर्मा भी बाबा के शिविर में चूल्हे पर रोटी बनाते दिखे थे, जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था.
जब डिप्टी सीएम ने कसे थे ‘पेंच’
डीएम के रोटी बनाने वाले वीडियो पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने डीएम को नसीहत देते हुए कहा था कि ‘सतुआ बाबा की रोटी के चक्कर में न पड़ें, मेले की व्यवस्थाओं पर ध्यान दें.’ इस बयान ने उस वक्त काफी राजनीतिक सरगर्मी पैदा कर दी थी. फिलहाल, अपनी रसूख और अब अपनी 3 करोड़ी कार के कारण सतुआ बाबा इस माघ मेले के सबसे ‘हाईटेक’ संत साबित हो रहे हैं.
माघ मेले का सबसे हाईटेक और लग्जरी बाबा
फिलहाल माघ मेले में सतुआ बाबा अपने प्रवचनों के साथ-साथ स्टाइल, ब्रांडेड चश्मे और तीन करोड़ की लग्जरी कार की वजह से चर्चा में हैं. साधारण वेश, हाईटेक लाइफस्टाइल और सुपर लग्जरी गाड़ी, इन सबके मेल ने सतुआ बाबा को माघ मेले का एक अलग ही आकर्षण बना दिया है.