UP Weather Update: फिर डराएंगे काले बदरा, इन जिलों में जमकर बरसेगा पानी…
इन जिलों में जमकर बरसेंगे बादल
लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र से जारी ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के 35 से ज्यादा जिलों में मूसलधार बारिश की संभावना है. इस दौरान तापमान में थोड़ी गिरावट भी देखी जा सकती है. पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों ही हिस्सों में अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान है.
लखनऊ, नोएडा और अन्य शहरों का हाल
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को हल्के बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. धूप और छांव का खेल दिनभर चलता रहेगा. वहीं नोएडा में आसमान साफ रहेगा, लेकिन हल्के-फुल्के बादल दिख सकते हैं. हालांकि, मौसम शुष्क रहेगा और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.
मानसून की सक्रियता से बढ़ी बारिश की उम्मीद
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, शुक्रवार को दक्षिण पश्चिम मॉनसून प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में सक्रिय रहेगा. इसकी वजह से अच्छी बारिश होने की संभावना बन रही है.
वहीं कुछ जिलों में गुरुवार को तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखी गई है. लेकिन अगले दो दिनों में तापमान में फिर गिरावट आ सकती है, जिससे मौसम और अधिक सुहावना हो जाएगा.