न खोया, न चीनी…जानें सावन में नारियल बर्फी बनाने की रेसिपी, भूल जाएंगे काजू कतली
Last Updated:
Coconut Barfi Recipe : सावन और रक्षाबंधन के लिए कई लोग अपने घरों में ही मिठाइयां बनाना पसंद करते हैं. इस बार अगर कुछ नया बनाने का मूड है तो आप आप नारियल की बर्फी बना सकते हैं. खाना खाने के बाद मीठे की क्रेविंग्स मिटाने के लिए घर पर बिना मिलावट की कोकोनट बर्फी कई लोगों की फेवरेट है. चंदौली के शेफ गुड़िया कुमारी लोकल 18 से बताती हैं कि इसे सिर्फ 15-20 मिनट में आसानी से तैयार किया जा सकता है. नारियल की बर्फी को फ्रिज में 5 से 7 दिनों तक स्टोर कर सकते हैं. घर पर तैयार की गई बर्फी न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि आप इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री को लेकर भी निश्चिंत रह सकते हैं.
चंदौली के शेफ गुड़िया कुमारी बताती हैं कि सावन और रक्षाबंधन का त्योहार आते ही घरों में तरह-तरह की मिठाइयां बनने लगती हैं. अगर आप भी इस बार बाजार से मिठाई खरीदने के बजाय घर पर कुछ स्वादिष्ट और आसान तरीके से बनाना चाहते हैं, तो नारियल की बर्फी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है.
शेफ गुड़िया कुमारी कहती हैं कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और महज 15 से 20 मिनट में यह स्वादिष्ट मिठाई तैयार की जा सकती है. खाना खाने के बाद कुछ मीठा खाने की क्रेविंग हो या फिर त्योहार पर मेहमानों को कुछ खास खिलाना हो, नारियल की बर्फी हर मौके के लिए परफेक्ट है.
शेफ गुड़िया कुमारी के मुताबिक, बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में ज्यादा मिठास और आर्टिफिशियल कलर होने की चिंता रहती है, ऐसे में घर पर तैयार की गई बर्फी न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि आप इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री को लेकर भी निश्चिंत रह सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
शेफ गुड़िया बताती हैं कि नारियल की बर्फी का स्वाद आम बर्फी से थोड़ा अलग होता है. नारियल की खुशबू और इलायची का फ्लेवर इसे खास बनाता है. ऊपर से पिस्ता और बादाम डालने पर इसका लुक भी काफी आकर्षक हो जाता है. यही वजह है कि यह मिठाई बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकती है.
चंदौली के शेफ गुड़िया कुमारी कहती हैं कि इसे बनाने के लिए कद्दूकस किया हुआ नारियल, कंडेंस्ड मिल्क, थोड़ा सा घी, इलायची पाउडर और सजाने के लिए पिस्ता-बादाम की जरूरत होगी. ताजे नारियल का इस्तेमाल करने से बर्फी ज्यादा मुलायम और स्वादिष्ट बनती है.
गुड़िया कुमारी कहती हैं कि सबसे पहले एक नॉन-स्टिक पैन में थोड़ा घी गर्म करें. इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर 2 से 3 मिनट तक हल्का भून लें. ध्यान रखें कि नारियल का रंग ज्यादा न बदले. अब इसमें कंडेंस्ड मिल्क डालें और मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए पकाएं.
जब मिश्रण धीरे-धीरे गाढ़ा होने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें. इसे करीब 5 से 7 मिनट तक पकाएं. जब मिश्रण पैन छोड़ने लगे और एक साथ इकट्ठा होने लगे, तो गैस बंद कर दें. अब एक ट्रे या प्लेट को घी से चिकना करके उसमें तैयार मिश्रण डालें और चम्मच की मदद से बराबर फैला दें. ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम डालकर हल्का दबा दें.
इसे करीब 30 से 60 मिनट तक ठंडा होने दें. बर्फी पूरी तरह सेट हो जाए, तो इसे अपनी पसंद के आकार में काट लें और सर्व करें. तैयार नारियल की बर्फी को एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में करीब 5 से 7 दिनों तक स्टोर किया जा सकता है. इस आसान रेसिपी की खासियत है कि कम समय और कम मेहनत में घर पर त्योहार के लिए स्वादिष्ट मिठाई तैयार हो जाती है.