पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पहुंचे लोगों ने बनाए मजेदार बहाने, कहा- मैं गांव

0
पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पहुंचे लोगों ने बनाए मजेदार बहाने, कहा- मैं गांव


गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश सरकार ने 1 से 30 सितंबर तक नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान शुरू किया है. नियम साफ है अगर आप दोपहिया वाहन चला रहे हैं और हेलमेट नहीं पहना है, तो किसी भी पेट्रोल पंप पर आपको पेट्रोल नहीं मिलेगा. गाजियाबाद में इस नियम का असर देखने को मिला.

‘नो हेलमेट नो फ्यूल’

लोकल 18 की टीम गाजियाबाद के चिरंजीव विहार स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंची और वहां का रियलिटी चेक किया. पेट्रोल पंप पर बड़े-बड़े बैनर लगाए गए हैं जिन पर लिखा है ‘नो हेलमेट नो फ्यूल’ इसके साथ ही गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस की भी ड्यूटी लगाई गई है. पुलिसकर्मी पेट्रोल पंप के बाहर तैनात हैं और बिना हेलमेट आने वालों का चालान काटकर उन्हें समझा रहे हैं.

लोगों के अजीबोगरीब बहाने

हालांकि, इसके बावजूद कई लोग बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचे. हर किसी का अपना बहाना था. स्थानीय निवासी शिव ने कहा मैं पिछले तीन महीने से घर से बाहर नहीं निकला था. मैं ज्यादातर घर पर ही रहता हूं. आज अचानक बाहर निकला तो मुझे इस अभियान की जानकारी नहीं थी. मुझे लगा पेट्रोल तो वैसे ही मिल जाएगा. अब जब पता चल गया है तो आगे से ध्यान रखूंगा और बिना हेलमेट कभी पेट्रोल पंप पर नहीं आऊंगा.

हेलमेट तो रोज पहनते हैं, लेकिन आज थोड़ी जल्दी में थे

स्कूटी सवार आकाश का कहना था हेलमेट तो हम रोज पहनते हैं, लेकिन आज थोड़ी जल्दी में थे और निकलते समय ध्यान नहीं गया. सोचा पास के ही काम से जा रहे हैं पर अब समझ आया कि यह गलती है. हम घर जाकर हेलमेट पहन लेंगे. एक-दो दिन भूल हो जाती है, लेकिन नियम हमेशा मानना चाहिए.

गांव से आया हूं पता नहीं था

बुलेट सवार आकाश ने कहा मैं गांव से आया हूं और सच कहूं तो मुझे इस नियम की जानकारी नहीं थी. हेलमेट मेरे पास है लेकिन आज साथ नहीं लाया. मुझे लगा शहर में भी कहीं-कहीं पेट्रोल मिल ही जाएगा. कुछ पंप पर लोग कह रहे हैं कि पेट्रोल मिल रहा है, लेकिन यहां तो सख्ती है. अब आगे से हेलमेट के बिना बाइक स्टार्ट ही नहीं करूंगा.

लोगों ने सराहा नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान

वहीं हेलमेट पहनकर पहुंचे लोग इस अभियान को सही मानते हैं. प्रवीण बत्रा ने कहा हेलमेट सिर्फ एक महीने के अभियान के लिए नहीं होना चाहिए, यह हमारी जिंदगी बचाने के लिए जरूरी है. सरकार का यह कदम वाकई सराहनीय है. अगर हर कोई इसे गंभीरता से ले तो सड़क हादसों में काफी कमी आ सकती है.

रवि जो हेलमेट लगाकर पहुंचे बोले देखिए हेलमेट लगाना हमारी और हमारे परिवार की सुरक्षा है. कई लोग सोचते हैं कि पेट्रोल पंप पर सख्ती होगी तो लगाना पड़ेगा, लेकिन सच में यह हमारी जान बचाता है. पेट्रोल पंप पर यह नियम लागू होने से लोग धीरे-धीरे आदत डाल लेंगे.

सख्ती से बदलेगी लोगों की आदत

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि शुरू में थोड़ी दिक्कत और बहानेबाजी जरूर होगी लेकिन समय के साथ लोग गंभीर हो जाएंगे. सरकार ने यह अभियान लोगों को सुरक्षित रखने के लिए शुरू किया है और अब गाजियाबाद के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *