Mirzapur News: 1981 से आ रहे श्रद्धालुओं ने किया भव्य व्यवस्थाओं का अनुभव, दर्शन कर बताई मां के चमत्कारों की कहानी
Last Updated:
Special Vindhyavasini on Navratri: मां विंध्यवासिनी धाम में नवरात्रि के चौथे दिन का दृश्य श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का प्रतीक रहा. भव्य मंदिर, उत्तम प्रशासन व्यवस्था और भक्तों की आस्था ने मिलकर धाम को एक दिव्य वातावरण प्रदान किया. आने वाले दिनों में और भी बड़ी संख्या में भक्त मां के दर्शन के लिए पहुंचेंगे और यह पर्व भक्तों की आस्था को और प्रगाढ़ बनाएगा.
मिर्जापुर. उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में स्थित मां विंध्यवासिनी धाम नवरात्रि के चौथे दिन भक्तों से गुलजार रहा. चौथे दिन मां कुष्मांडा के दर्शन के लिए दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भक्ति और उमंग के साथ धाम में पूजा-अर्चना की. अबतक दो लाख से अधिक भक्तों ने दर्शन किया है और देर रात्रि तक यह संख्या तीन से चार लाख तक पहुंचने की उम्मीद है. भक्तों की भीड़ इतनी थी कि हर कोई मां के दर्शन के लिए उत्साह और श्रद्धा से लबालब था. सतीश चंद्र मिश्र ने बताया कि उनका अनुभव बेहद दिव्य रहा. वे 1981 से यहां आ रहे हैं और उस समय व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं थीं. लेकिन अब विंध्य विकास परिषद और विंध्य पंडा समाज के प्रयासों से प्रशासन ने भक्तों के लिए बेहतरीन सुविधा उपलब्ध कराई है. “हर भक्त चाहे आम हो या वीआईपी, सभी को आसानी से दर्शन मिल रहे हैं. मोदी और योगी द्वारा बनवाए गए कॉरिडोर से धाम की भव्यता और भी बढ़ गई है. मां सभी भक्तों का कल्याण करें, ऐसी हमारी कामना है,”
पहली बार आए श्रद्धालुओं की प्रतिक्रिया
वहीं, पहली बार मां विंध्यवासिनी धाम आए नीतीश पांडेय ने बताया कि मां के चरणों में पहुंचकर उन्हें अत्यंत आनंद और आशीर्वाद मिला. “आज मेरा जन्मदिन भी है और मां का आशीर्वाद मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है. धाम में व्यवस्थाएं शानदार हैं, दर्शन और पूजन में कोई कठिनाई नहीं हुई. पुलिस और प्रशासन का समन्वय उत्कृष्ट है,” इंद्रजीत पाल ने भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर की भव्यता देखकर मन प्रसन्न हो गया. “पहली बार यहां दर्शन के लिए आया हूं और ह्रदय गदगद हो गया। मंदिर का माहौल और व्यवस्थाएं दोनों ही अद्भुत हैं.”
प्रशासन और पंडा समाज की सराहना
धाम में व्यवस्थाएं सुचारु बनाने में पुलिस, प्रशासन और पंडा समाज की भूमिका अहम रही. साफ-सफाई, दर्शन की सुविधा, और भक्तों के मार्गदर्शन को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं. इससे यह सुनिश्चित हुआ कि लाखों भक्तों के बीच भी कोई भी समस्या न हो.