अत्यधिक चमकदार सेब क्यों हो सकते हैं हानिकारक? जानें पहचानने का तरीका
Last Updated:
बाजार में सेब को ज्यादा चमकदार और आकर्षक दिखाने के लिए उन पर मोम (वैक्स) की परत चढ़ाई जाती है. यह कृत्रिम वैक्स पाचन तंत्र के लिए हानिकारक हो सकता है और इस पर कानूनी रोक भी है. जिला उद्यान अधिकारी डॉ. पुनीत कुमार पाठक ने बताया कि अत्यधिक चमकदार सेब से बचना चाहिए और मोम लगे सेब की पहचान आप खुद खरीदते समय भी कर सकते हैं.
सेब को तोड़ने और धोने के बाद, उनकी प्राकृतिक मोम की परत हट जाती है. इस नुकसान की भरपाई और फल को अधिक आकर्षक बनाने के लिए उस पर कृत्रिम वैक्स की परत चढ़ाई जाती है. सेब को कन्वेयर बेल्ट के माध्यम से गुजारते हुए बीवैक्स (Beeswax), कार्नाउबा वैक्स (Carnauba Wax) या शेलैक वैक्स (Shellac Wax) का छिड़काव किया जाता है, जिसे बाद में सुखाकर फल को चमकदार बना दिया जाता है.

वैक्सिंग का मुख्य उद्देश्य सेब को लंबे समय तक खराब होने से बचाना, नमी बनाए रखना और उनकी दिखावट में सुधार करना है, ताकि बाजार में उन्हें अच्छा भाव मिल सके. हालांकि, अगर इस वैक्सिंग में गैर-खाद्य या अत्यधिक मात्रा में मोम का इस्तेमाल होता है, तो यह सेहत के लिए भारी पड़ सकता है. यह पेट में जमा होकर पाचन संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है.

वैक्सिंग वाले सेब की पहचान करना आसान है. सबसे पहले, अत्यधिक चमकदार, चिकने और आकर्षक दिखने वाले सेब संदेह पैदा करते हैं, क्योंकि फलों की वैक्सिंग कानूनन अपराध है. ऐसे में उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है. यहां वैक्स लगे सेब की पहचान आप स्वयं कर सकते हैं.

वैक्स की पहचान का सबसे आसान तरीका है सेब को हल्के हाथों से चाकू या नाखून से खुरचना. यदि सेब पर मोम की परत चढ़ी होगी, तो खुरचने पर एक सफेद, पपड़ीदार या पाउडर जैसा अवशेष दिखाई देगा. अगर यह अवशेष काफी मात्रा में निकले, तो समझ लें कि यह कृत्रिम मोम है, जो सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है.

सेब को गुनगुने या हल्के गर्म पानी में 2 से 3 मिनट के लिए डुबोएं. अगर सेब की सतह पर मोम की परत होगी, तो यह पिघलना शुरू हो जाएगी और पानी की सतह पर या सेब के छिलके पर चिकनाहट या तेल जैसी परत के रूप में दिखाई देगी. यह तरीका मोम की परत को हटाने में भी मदद करता है.

मोम लगे सेब को पहचानने के लिए आप कपड़े का इस्तेमाल करें. एक सूखे, साफ कपड़े या रुमाल से सेब को जोर से रगड़ें. अगर सेब पर कृत्रिम वैक्स की कोटिंग की गई होगी, तो रगड़ने के बाद कपड़े पर हल्का सा मोम जैसा अवशेष या धब्बा दिखाई देगा. प्राकृतिक मोम आमतौर पर कपड़े पर कोई अवशेष नहीं छोड़ता, जबकि कृत्रिम मोम आसानी से छूट सकता है