अब निकालनी पड़ेगी कंबल-रजाई, यूपी में तेजी से गिरने वाला है पारा, बढ़ने वाली है ठंड, जानें IMD का लेटेस्ट अपडेट
UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मॉनसून का सीजन खत्म हो चुका है. मानसून के टाटा बाय-बाय के साथ ही ठंड की दस्तक भी हो गई है. प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर है. वहीं कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान लुढ़कर 19 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है, जिससे रात के समय सिरहन भी बढ़ गई है. आने वाले समय में अभी तापमान में थोड़ी और गिरावट भी आ सकती है. लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक 11 अक्टूबर को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभाग में मौसम शुष्क रहेगा. फिलहाल शनिवार को यूपी में कहीं भी भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है. 12 अक्टूबर को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान जताया गया है.
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मॉनसून गुजरात के साथ मध्यप्रदेश,महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के अधिकांश भागों से वापस चला गया है, ऐसे में अगले 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क ही रहेगा.
मौसम रहेगा सामान्य
पूर्वानुमान है कि राजधानी लखनऊ के साथ वाराणसी, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकुट, कौशांबी, अमेठी, रायबरेली, सीतापुर, अयोध्या, गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, मऊ, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली, जौनपुर, सुल्तानपुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, बरेली, रामपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर सहित आस पास के जिलों में आज मौसम सामान्य रहने वाला है. इन सभी जिलों में सुबह और रात के वक्त थोड़ी सिरहन होगी और दिन में आसमान साफ और धूप खिली रहेगी.
कई जिलों में लुढ़का तापमान
मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में न्यूनतम तापमान इटावा में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.वहीं मेरठ, कानपुर, आगरा में भी न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के करीब है.इसके अलावा अन्य कई जिलों में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आस पास रिकॉर्ड हुआ है.