UP News Live: जौनपुर में गोल्ड माफिया गिरोह का पर्दाफाश, सुल्तानपुर के पशु अस्पताल में बड़ा घोटाला, पढ़ें अहम खबरें

0
UP News Live: जौनपुर में गोल्ड माफिया गिरोह का पर्दाफाश, सुल्तानपुर के पशु अस्पताल में बड़ा घोटाला, पढ़ें अहम खबरें


UP Live News: उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की खबरों को पढ़ने के लिए न्यूज18 के साथ बने रहें. यहां आपको हर तरह की खबरें मिलेंगी. राज्य में होने वाली बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी खबरें भी मिलेंगी.

सोनभद्र में कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही UPSC परीक्षा

सोनभद्र जिले में आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यूपीएससी की परीक्षा आयोजित की जा रही है. जनपद में कुल 10 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4128 अभ्यर्थी एसीएस और आरएफओ परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले उम्मीदवारों की बायोमेट्रिक पहचान और आइरिश स्कैन के बाद ही एंट्री दी जा रही है. सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं. प्रत्येक केंद्र पर एक केंद्र व्यवस्थापक के साथ स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. पांच राजकीय और पांच एडेड विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. तीन केंद्रों पर 380 और शेष सात केंद्रों पर 384 परीक्षार्थियों की व्यवस्था की गई है. परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 400 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है.

जौनपुर में गोल्ड माफिया गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, नकली सोना और जाली नोट बरामद

जौनपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गोल्ड माफिया गिरोह का भंडाफोड़ किया है. जलालपुर थाना क्षेत्र के ककोरी गांव के पास की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनके पास से 27 हजार रुपये के जाली नोट, चार नकली सोने की बिस्किट, तीन चूड़ियां, दो कंगन, एक कलर प्रिंटर और एक XUB कार बरामद की गई है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है. बताया जा रहा है कि गिरोह नकली सोना बेचकर लोगों को ठगने का काम करता था. पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है.

रज्जू भइया विश्वविद्यालय में प्राइवेट गार्डों की तैनाती से मचा हड़कंप
प्रयागराज में आयोजित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. नव निर्मित राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) विश्वविद्यालय में, जहां सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की होनी चाहिए थी, वहां B.I.S. नामक निजी कंपनी के गार्ड परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड जांच कर उन्हें केंद्र में प्रवेश दे रहे हैं. परीक्षा के लिए जिले में कुल 67 केंद्र बनाए गए हैं, जिनके मुख्य द्वारों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं. लेकिन इस विश्वविद्यालय में प्राइवेट गार्डों की ड्यूटी और मीडिया कवरेज पर रोक ने परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

सुल्तानपुर में पशु अस्पताल में बड़ा घोटाला, लाखों की सरकारी दवाएं झाड़ियों में मिलीं

सुल्तानपुर के बल्दीराय तहसील क्षेत्र के हलियापुर में पशु अस्पताल की लापरवाही और भ्रष्टाचार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. खुरपका, मुंहपका, गला घोंटू और लंपी जैसी बीमारियों के इलाज के लिए आई लाखों रुपये की सरकारी दवाएं झाड़ियों में फेंकी मिलीं. मौके से चार बोरियां दवाओं की बरामद हुईं, जिनकी वैधता 2025 और 2026 तक थी, लेकिन दर्जनों गांवों में किसी पशु को टीका नहीं लगाया गया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों और कर्मचारियों ने फर्जी रजिस्टर बनाकर वितरण दिखाया और दवाएं फेंक दीं. पत्रकारों की जांच में यह घोटाला उजागर हुआ. अस्पताल प्रभारी डॉ. प्रमोद अग्रहरि और कर्मचारी धीरेंद्र प्रताप पर लापरवाही के आरोप लगे हैं. पशुपालकों का कहना है कि कई दिनों से पशु बीमार हैं, पर अस्पताल में न डॉक्टर हैं, न दवा.

आगरा के ताजमहल का करेंगे आज अफगान विदेश मंत्री दीदार 

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्तकी आज आगरा आ रहे हैं. वह सुबह करीब 9 बजे देवबंद से रवाना होकर शिल्पग्राम पहुंचेंगे. मुत्तकी सुबह 11 से 12 बजे तक ताजमहल का दीदार करेंगे. इसके बाद दोपहर 12:30 बजे होटल अमर विलास में उनके लिए विशेष भोजन का आयोजन किया गया है. दोपहर बाद वे दारुल उलूम देवबंद के लिए रवाना होंगे. आगरा का मुस्लिम प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात करना चाहता था, लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण मुलाकात नहीं हो सकेगी. उनके दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है तथा ताजमहल परिसर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.

बिजनौर में ट्रक में लगी अचानक आग

बिजनौर के नजीबाबाद थाना क्षेत्र स्थित साहनपुर चौकी के पास अचानक एक ट्रक में आग लग गई. आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही अग्निशमन दल और पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. घटना के समय ट्रक चालक ने किसी तरह अपनी जान बचाई. नजीबाबाद सीओ नितेश कुमार सिंह स्वयं पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

यूपी को प्रदूषण मुक्त बनाने की पहल, पराली जलाने पर सख्त हुआ प्रशासन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने अधिकारियों को पराली जलाने की घटनाओं को पूरी तरह शून्य करने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए सैटेलाइट से निगरानी रखने का आदेश दिया गया है. पराली जलाने वालों पर ₹2,500 से ₹15,000 तक जुर्माना लगाया जाएगा. साथ ही, हर 50 से 100 किसानों पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो पराली प्रबंधन और जागरूकता की जिम्मेदारी संभालेगा. सरकार का लक्ष्य है कि आगामी सीजन में एक भी पराली जलाने की घटना न हो.

चंदौली में आज होगी पीसीएस प्री परीक्षा, 12 केंद्रों पर 5208 अभ्यर्थी होंगे शामिल

चंदौली जिले में पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से आयोजित की जाएगी. परीक्षा के लिए 12 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 5208 परीक्षार्थी शामिल होंगे. प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं. सभी केंद्र सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर से लैस हैं. परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी. केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी में रहेंगे ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके.

कुशीनगर में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 महिलाएं समेत 1 युवक गिरफ्तार

कुशीनगर पुलिस ने दीपावली और छठ पर्व से पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखा फैक्ट्री का खुलासा किया है. पडरौना कोतवाली पुलिस ने छापेमारी में एक पुरुष सहित चार महिलाओं को गिरफ्तार किया. मौके से करीब 3 लाख रुपये के पटाखे, 48.5 किलो बारूद, उपकरण और सामग्री बरामद हुई है. आरोपियों की योजना त्योहारों पर ऊंचे दामों पर पटाखे बेचने की थी. पुलिस ने सभी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की धाराओं 288 व 111(2)(b) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.

गाजियाबाद में विधवा महिला ने भतीजी पर लगाया लाखों की ठगी का आरोप, मुकदमा दर्ज

गाजियाबाद के कविनगर क्षेत्र में एक विधवा महिला ने अपनी भतीजी पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. महिला का आरोप है कि भतीजी ने उसके फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक खाते से लाखों रुपए निकाल लिए. इतना ही नहीं, उसने बैंक लॉकर से भी गहने फर्जी तरीके से निकाल लिए. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.

बिजनौर में बीजेपी युवा मोर्चा नेता और खालिद के बीच विवाद, बुलडोजर कार्रवाई से मचा बवाल

बिजनौर में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है. बीजेपी युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रोबिन चौधरी और तालिब खालिद के बीच विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है. बताया जा रहा है कि तालिब खालिद की प्लाई फैक्ट्री पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है. इस कार्रवाई के बाद शहर के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. दोनों पक्षों में पुराने विवाद की पृष्ठभूमि सामने आ रही है, जिससे मामला और गरमा गया है. पुलिस और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *