बुंदेलखंड-विंध्य में 15 दिसंबर तक हर घर में पहुंचेगा नल से जल, योगी सरकार ने तय की डेडलाइन, शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर जारी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘हर घर नल से जल’ मिशन को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों के हर घर में 15 दिसंबर, 2025 तक नल से शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में 75 प्रतिशत प्रगति हो चुकी है, उन्हें मार्च 2026 तक पूरा किया जाना चाहिए. कहा कि समय-सीमा और गुणवत्ता दोनों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए. सीएम ने कहा कि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना उत्तर प्रदेश सर्कार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
सीएम योगी ने कहा, ‘यह योजना केवल पेयजल आपूर्ति का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-स्वास्थ्य, महिलाओं की गरिमा और ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता से सीधा जुड़ा मिशन है. उन्होंने कहा कि योजनाओं की समय-सीमा और गुणवत्ता, दोनों पर कोई भी समझौता स्वीकार नहीं होगा और कहीं भी किसी भी स्तर पर धनराशि की कमी नहीं होने दी जाएगी.’
बैठक के दौरान सीएम योगी ने एनसीसी लिमिटेड, लार्सन एण्ड टुब्रो, मेघा इंजीनियरिंग, पीएनसी इन्फ्राटेक, आईसी इन्फ्रा, पावर मैक, कल्पतरु प्रोजेक्ट्स सहित अनेक एजेंसियों के प्रतिनिधियों से फील्ड में काम करने के दौरान आ रही चुनौतियों के बारे में जानकारी ली. साथ ही, कार्यों की गुणवत्ता व समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए.
अधिकारियों ने सीएम योगी को बताया कि राज्य में कुल 90,223 करोड़ की लागत की योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं, जिनमें 63 सतही स्रोत आधारित और 548 भूजल स्रोत आधारित योजनाएं शामिल हैं. अब तक 85,364 गांवों के 1.98 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं.
वर्तमान में 34,274 गांवों में नियमित जलापूर्ति की जा रही है. सीएम योगी को अवगत कराया गया कि केन्द्र सरकार द्वारा जल जीवन मिशन की अवधि दिसम्बर, 2028 तक बढ़ाने और परियोजना लागत में वृद्धि करने का प्रस्ताव वर्तमान में विचाराधीन है.