UP News Live: लखनऊ में सास की गला दबाकर हत्या की कोशिश, कानपुर में चॉकलेट के बहाने 5 वर्षीय मासूम की हत्या

0
UP News Live: लखनऊ में सास की गला दबाकर हत्या की कोशिश, कानपुर में चॉकलेट के बहाने 5 वर्षीय मासूम की हत्या


UP News and Updates in Hindi: अगर आपको उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) से जुड़ी आज की मुख्य और ताजा खबरें पढ़नी हैं तो यहां पर आपको सब जानकारी मिलेगी. यहां आपको शहर और उसके आस-पास की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग स्थानों पर होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी सब पढ़ने को मिलेगा, तो जुड़े रहिए न्यूज 18 (News18) के साथ…

कानपुर में हैवानियत! चॉकलेट के बहाने 5 वर्षीय मासूम की हत्या, पड़ोसी युवक गिरफ्तार

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के हरदेवनगर इलाके में 5 वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या से सनसनी फैल गई. लापता बच्चे का शव पांडव नदी किनारे बरामद हुआ. पुलिस जांच में सामने आया कि पड़ोसी युवक ने चॉकलेट दिलाने के बहाने बच्चे को घर से बाहर ले जाकर हत्या कर दी. सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बच्चे को ले जाते हुए और लौटते समय अकेले दिखा. दोनों परिवार एक ही मकान में किराए पर रहते हैं और पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इलाके में गम और गुस्से का माहौल है.

गाजियाबाद में भीषण आग! कवि नगर के कूड़ा घर में उठीं ऊंची लपटें, रातभर मचा हड़कंप

गाजियाबाद के कवि नगर थाना क्षेत्र में देर रात एक कूड़ा घर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं. स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और खुद भी बाल्टियों व पाइपों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती रही. सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

गाजियाबाद में छठ पूजा पर ट्रैफिक अलर्ट! 27 और 28 अक्टूबर को कई रास्तों का रूट डायवर्ट

गाजियाबाद में छठ पूजा के अवसर पर दो दिनों तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. आगामी 27 और 28 अक्टूबर को हिंडन छठ घाट और जी.टी. रोड के आसपास रूट बदले जाएंगे. पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की है. छठ घाट की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जबकि छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें और अनावश्यक रूप से भीड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें.

आगरा में अपहरणकर्ताओं से पुलिस की मुठभेड़! दो बदमाश गोली लगने से घायल, दो फरार

आगरा में 5 वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के महताब बाग मैदान में हुई इस मुठभेड़ में दो बदमाश—साबिर और सत्य प्रकाश—गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य आरोपी गगन और आकाश मौके से फरार हो गए. पुलिस ने घायल बदमाशों को SN मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है. शुक्रवार शाम इन बदमाशों ने बच्चे का अपहरण कर 2.50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. दबाव बढ़ने पर उन्होंने बच्चे को दादी के घर के पास छोड़ दिया था. पुलिस ने मौके से दो तमंचे, तीन कारतूस और मोबाइल बरामद किए हैं.

हापुड़ में हाईवे पर भीषण हादसा! कैंटर और ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद ट्रक में लगी आग, जलकर राख

हापुड़ में हाईवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां कैंटर और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में वह पूरी तरह जलकर राख हो गया. हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन ट्रक के जलने से लाखों का नुकसान हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

गाजियाबाद में चलती गाड़ियों पर पटाखों का हंगामा! मोदीनगर में युवकों की खतरनाक करतूत का वीडियो वायरल
गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र से एक खतरनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें कुछ युवक चलती बाइक और कारों पर पटाखे फोड़ते नजर आ रहे हैं. हापुड़ रोड और दिल्ली-मेरठ मार्ग पर युवकों ने जमकर हुड़दंग मचाया. पटाखों के धमाकों और धुएं से सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया. राहगीरों ने किसी तरह अपनी गाड़ियां बचाईं. लोगों ने इस खतरनाक हरकत पर नाराजगी जताई है. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है.

चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़ी ट्रक में पीछे से ट्रक की टक्कर, क्लीनर की मौत
चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एनएच-19 पर लीलापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ. खड़ी ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई. वहीं, ड्राइवर ट्रक के केबिन में फंसा रहा. रेस्क्यू टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा. हादसे से हाईवे पर लंबा जाम लग गया और मौके पर हड़कंप मच गया.

लखनऊ में सास का गला दबाकर हत्या की कोशिश, बहू पर FIR दर्ज
लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बालागंज निवासी उर्मिला सिंह ने अपनी बहू विभा पर गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है. विभा रायबरेली की रहने वाली और सीतापुर के एक निजी स्कूल में टीचर है. दीपावली पर 19 अक्टूबर को ससुराल आई थी, जहां शाम को खाना बनाने को लेकर सास-बहू में विवाद हुआ. आरोप है कि बहू ने सास का सिर दीवार से पटक दिया और गला दबाने की कोशिश की. बेटे आशुतोष ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सास ने बहू के पिता पर धमकी देने का भी आरोप लगाया. पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

लखनऊ में सड़क हादसा: गाय से टकराई स्कूटी, 25 वर्षीय युवक की मौत 
लखनऊ के गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. हेल्थ सिटी हॉस्पिटल के सामने तेज रफ्तार स्कूटी चला रहे 25 वर्षीय सत्येंद्र की स्कूटी अचानक सामने आई गाय से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सत्येंद्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर पर गंभीर चोट आई. स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है.

प्रतापगढ़ में सिपाही की दबंगई! महिला श्रद्धालु को सरेबाज़ार थप्पड़
प्रतापगढ़ के कुंडा थाना क्षेत्र में सिपाही की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मनगढ़ चौकी में तैनात सिपाही शिवम पर आरोप है कि उसने प्रयागराज की रहने वाली एक महिला श्रद्धालु का मोबाइल छीना और सड़क पर पटक कर तोड़ दिया. नाराज महिला ने सिपाही का कॉलर पकड़ा, जिसके बाद सिपाही ने सरेबाजार उसे कई थप्पड़ जड़ दिए. महिला रेलवे की रिटायर्ड कर्मचारी बताई जा रही है और अपने परिवार के साथ मनगढ़ धाम दर्शन के लिए आई थी. बताया जा रहा है कि विवाद नो पार्किंग जोन में कार खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ था. एसपी ने वायरल वीडियो पर जांच के आदेश दिए हैं.

सोनभद्र में दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, 16 घायल 
सोनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र के भीतरी गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जिरही माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में 16 लोग घायल हो गए, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं. सभी सवार एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सीएचसी चोपन में भर्ती कराया गया, जहां 13 की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई.

आगरा में दिवाली पर 6 जगह चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार
आगरा पुलिस ने दिवाली की रात छह जगहों पर चोरी करने वाले शातिर चोर राजेश शर्मा उर्फ शेखावत को गिरफ्तार किया है. थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने त्रिनेत्र एप्लीकेशन की मदद से आरोपी को ट्रेस किया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि राजेश के परिवार के लोग भी इस गिरोह में शामिल थे — वे दिन में घरों की रेकी करते और रात में चोरी करवाते थे. दिवाली पर आरोपी ने सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी की थी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी तस्वीर कैद हुई थी. पुलिस ने बताया कि चुराई गई नकदी आरोपी ने जुए में गंवा दी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *