धुआं-कोयले की खुशबू और मसालों का तड़का, घर पर बनाएं होटल जैसा चिकन अंगारा, स्वाद ऐसा कि जीभ भी कह उठेगी वाह!
Restaurant Style Chicken Angara Recipe: ठंडी शाम में अगर कुछ मसालेदार और धुआंधार स्वाद का मन करे तो चिकन अंगारा से बेहतर व्यंजन और कोई नहीं हो सकता. यह डिश अपने अनोखे स्वाद और सुगंध के लिए जानी जाती है. होटल रेस्टोरेंट में यह काफी लोकप्रिय है, लेकिन इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं पूरी विधि.
लोकल 18 से बात करते हुए चिकन अंगारा की रेसिपी बताते हुए अलबैक के ओनर इकबाल अहमद ने बताया कि अगर चिकन अंगारा बनाना हो तो सबसे पहले चिकन के टुकड़ों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. एक बड़े बर्तन में दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, नींबू का रस, काजू का पेस्ट, क्रीम और नमक डालें.
सभी चीज़ों को मिलाकर चिकन के टुकड़ों को इस मिश्रण से अच्छे से लपेटें और इसे ढककर कम से कम 2 घंटे या बेहतर स्वाद के लिए रात भर फ्रिज में रख दें ताकि मसाले अंदर तक समा जाएं.
मैरीनेट करना चिकन अंगारा का बढ़ाता स्वाद
चिकन अंगारा का खास स्वाद मैरीनेटिंग से बढ़ता है. जितना बेहतर मैरीनेट करेंगे, उतना ही मसाला अंदर तक समा जाएगा. जब चिकन अच्छी तरह से मैरीनेट हो जाए, तो इसे 20–25 मिनट के लिए कोयले की आग पर भूनने के लिए रखें. इसके बाद प्याज, मटर और धनिया का मिश्रण ऊपर से छिड़क कर सर्व करें.
कोयले की आग पर सुनहरा भूरा भूनें
चिकन अंगारा का असली स्वाद कोयले की धुआं भरी खुशबू से आता है. इसके लिए पारंपरिक तंदूर का प्रयोग करें या घर पर चूल्हे-गैस पर लोहे की जाली लगाकर भी बना सकते हैं. मैरीनेट किया हुआ चिकन लोहे की सीक या ग्रिल रैक पर रखें. कोयले को तब तक जलाएं जब तक वह लाल अंगारों में बदल ना जाए.
इसके बाद कोयले के ऊपर घी डालकर तुरंत पैन का ढक्कन लगा दें. करी को 3-4 मिनिट तक धुंआ सोखने दीजिए. इसके बाद करी से कोयला हटा दें. चिकन को चारों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक भूनें. बीच-बीच में थोड़ा तेल या मक्खन लगाते रहें ताकि चिकन नरम और रसीला बना रहे.
जब चिकन पूरी तरह से रोस्ट हो जाए, तो इसे प्लेट में निकाल कर अलग रखें. तैयार चिकन अंगारा को ऊपर से थोड़ा क्रीम और कसूरी मेथी छिड़क कर सजाएं. इसे गरमा गरम बटर नान, रुमाली रोटी या जीरा राइस के साथ परोसें. मसालेदार स्वाद और खुशबू से यह डिश हर किसी का दिल जीत लेगी.