UP News: लखनऊ से लेकर अयोध्या तक इन 9 एयरपोर्ट पर बढ़ी सुरक्षा, विजिटर पास और एंट्री टिकट पर रोक
लखनऊ: दिल्ली कार ब्लास्ट से सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरा देश हिल गया. जांच एजेंसियों के एक के बाद एक नए बड़े खुलासे से हर कोई दंग है. सबसे ज्यादा हैरानी हमारे देश के डॉक्टरों के शामिल होने का है. इस आतंकी नेटवर्क के सामने आने के बाद ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) ने 9 एयरपोर्ट पर विजिट पास पर रोक लगा दी थी. अब ये रोक अगले निर्देशों तक के लिए बढ़ा दी गई है.
नए निर्देशों के तहत एयरपोर्ट परिसर के भीतर और बाहर निगरानी (सर्विलांस) बढ़ाने की बात कही गई है. विमान में बैठने से पहले अब सेकंडरी लेदर प्वाइंट चेक (SLPC) अनिवार्य कर दिया गया है, जो पहले रैंडम आधार पर होती थी. इसके अलावा प्रस्थान और प्रवेश गेट पर यात्रियों की औचक जांच, परिसर में प्रवेश से पहले यात्रियों और कर्मचारियों की आईडी की एयरपोर्ट सुरक्षा समूह जांच और बैगेज की जांच अनिवार्य कर दी गई है.
स्थानीय पुलिस को भी निर्देश दिए गए हैं कि एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा बढ़ाए और वाहनों की निगरानी करें. यदि एयरपोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हैं तो उन्हें तुरंत ठीक कराने का आदेश दिया गया है. बीसीएएस ने यह भी साफ किया है कि पास की वैधता समाप्त होने पर किसी कर्मचारी को कोई छूट नहीं दी जाएगी. एयरलाइंस या एयरपोर्ट संचालक के किसी कर्मचारी को पास का नवीनीकरण करवाना अनिवार्य है, चाहे उसकी अवधि केवल कुछ घंटों की ही क्यों न हो.
इस कदम से यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ दोनों की सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिलेगी. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा प्रक्रियाओं में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्देशों का पालन कड़ाई से किया जाएगा. इस सख्त सुरक्षा उपाय के बाद, उत्तर प्रदेश के एयरपोर्ट अब और अधिक सुरक्षित माने जा रहे हैं और आतंकवादी हमलों या अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.