बदलने वाला है मौसम, इस दिन से कांप उठेगा यूपी, पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, जानें का ताजा अपडेट
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में मौसम में शीतलहर और बढ़ते ठंड पर अब ब्रेक लग गई है. हवाओं के बदले रुख के कारण अब गुनगुनी धूप थोड़ी तीखी हुई है. लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान में थोड़ी गिरावट देखी जाएगी. बताते चलें कि बीते 24 घंटे में यूपी के इटावा में सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार यहां न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
यूपी की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को भी दिन चढ़ने के साथ धूप के हल्के तीखेपन का अहसास होगा, हालांकि सुबह सवेरे की शुरुआत कोहरा से ही होगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा. वहीं बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो वहां भी सुबह के वक्त कोहरा नजर आएगा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ कोहरा छटेगा और फिर मौसम सामान्य होगा, लेकिन शाम की शुरुआत से फिर लोगो को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ेगा.
5 दिनों तक नहीं दिखेगा खास बदलाव
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नवंबर के आखिरी सप्ताह से यूपी में कड़ाके वाली ठंड दस्तक दे सकती है. बात हाल फिलहाल के दिनों की करें तो यूपी में कोई भी मौसम प्रणाली एक्टिव नहीं है, लिहाजा अगले 4 से 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव यूपी के अलग-अलग शहरों में नहीं देखने को मिलेगा.