यूपी न्यूज लाइव: कानपुर में आवारा कुत्ते ने खाया नवजात का शव, प्रयागराज के SRN हॉस्पिटल में शव की अदला-बदली
Mera Pratapgarh November 21, 2025 0
Jhansi News: झांसी में पूर्व सपा विधायक दीपनारायण सिंह यादव पर जमीन कब्जाने और रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज
पूर्व सपा विधायक दीपनारायण सिंह यादव के खिलाफ गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है. पूर्व विधायक पर जमीन कब्जाने, रंगदारी मांगने और मारपीट का आरोप लगाया गया है पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी असलहा दिखाकर 32 हजार रुपए छीन ले गए और उस पर 20 लाख रुपए और जमीन की रजिस्ट्री करने का दबाव बनाया गया. मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव के साथ अनिल यादव उर्फ मामा और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पूरा मामला थाना मोंठ क्षेत्र का है.
Sultanpur News: सुल्तानपुर में व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या, अब परिजन कर रहे प्रदर्शन
सुल्तानपुर में गुरुवार को किराना व्यापारी की पीटकर हत्या हुई थी. शुक्रवार को दूसरे दिन परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया. गुस्साए व्यापारियों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए. परिजनों का आरोप है कि हत्यारे ने घटना के बाद फोन पर परिवार को खत्म करने की धमकी दी है. परिजन मुआवजे और आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. मौके पर तहसीलदार कादीपुर सीओ कादीपुर और कई थानों की फोर्स मौजूद है. पूरा मामला कादीपुर के जलालपुर पांडे का पूरा गांव का है.
Baghpat News: बागपत में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर, AQI पहुंचा 316, GRAP-3 लागू
यूपी के बागपत में वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है और हालात अब खतरनाक स्तर पर पहुंच गए हैं. मंगलवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 316 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है. बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से GRAP-3 लागू कर दिया है, जिसके साथ ही कई कड़े प्रतिबंध और नियंत्रण उपाय शुरू हो गए हैं. शहर में निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई है, सड़कों पर धूल उड़ने से रोकने के लिए जगह-जगह पानी का छिड़काव किया जा रहा है और प्रशासनिक विभागों को सतर्क मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं. प्रदूषण के कारण लोगों में आंखों में जलन, गले में दर्द और सांस से जुड़ी समस्याएं बढ़ने लगी हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने के साथ ही जनता से भी सहयोग की अपील की है.
Lucknow News: यूपी के किसानों को बड़ी राहत, अब आधार कार्ड के अनुसार खतौनी में आसानी से बदलेगा नाम
उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए सरकार बड़ी राहत देने जा रही है. राजस्व विभाग जल्द ही ऐसा अभियान शुरू करने की तैयारी में है, जिसके तहत किसान अपने आधार कार्ड के अनुसार खतौनी में नाम संशोधन करा सकेंगे. नाम अलग-अलग होने के कारण प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित हुए किसानों को अब इसका बड़ा फायदा मिलेगा. यह कदम प्रदेश के करीब 3 करोड़ किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने वाला साबित होगा.
Kanpur News: नवजात का सिर और हाथ आवारा कुत्ते ने खा लिए
यूपी के कानपुर में आवारा कुत्ते ने नवजात के शव को नोचकर खा लिया. बसंत विहार में रोंगटे खड़े करने वाला यह दर्दनाक मामला सामने आया है. नवजात का सिर और हाथ स्ट्रीट डॉग चबा गया. नवजात के हाथ के पंजे पर विगो लगा मिला है. इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरा की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. हनुमंत विहार थाना क्षेत्र का मामला बताया जा रहा है.
Prayagraj News: SRN हॉस्पिटल परिसर में पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारी ने परिजनों को दिया दूसरे मृतक का शव
प्रयागराज के SRN हॉस्पिटल परिसर में स्थिति पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारी की बड़ी लापरवाही सामने आई है. रेलकर्मी की जगह परिजनों को दुकान संचालक का शव दे दिया गया. शव अदला बदली होने से परिजन आक्रोशित हो गए. कर्मचारी ने एंबुलेंस चालक को फोन कर वापस बुलाया. जौनपुर के रहने वाले मृतक अवधेश कुमार सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे. उनका इलाज SRN हॉस्पिटल में चल रहा था. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. पीएम के बाद उनके दामाद को रेल कर्मी जितेंद्र केशवानी का शव दे दिया गया. दोनों परिवार शव लेकर चले गए थे.