उपभोक्ताओं पर मेहरबान UPPCL, बकाया बिजली बिल पर मिल रही भारी छूट, तुरंत उठाए फायदा
Last Updated:
Azamgarh Latest News: आजमगढ़ में उन उपभोक्ताओं के लिए राहत की बड़ी खबर है जो लंबे समय से बिजली के भारी भरकम बकाए और सरचार्ज की वजह से बिल जमा नहीं कर पा रहे थे. यूपीपीसीएल ने 1 दिसंबर से खास योजना शुरू करने का फैसला किया है. इस योजना से लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है.
आजमगढ़: अगर आप भी बिजली के पुराने बकाए और उस पर लगे भारी सरचार्ज के कारण परेशान हैं और चाह-कर भी बिल जमा नहीं कर पा रहे थे तो अब आपकी मुश्किल आसान होने वाली है. यूपीपीसीएल ने बिजली बिल पर बड़ी राहत देते हुए एक विशेष योजना शुरू की है जिसमें सरचार्ज पूरी तरह माफ किया जाएगा और मूल बकाया पर भी छूट मिलेगी. यह योजना उपभोक्ताओं को दोबारा नियमित श्रेणी में लाने के उद्देश्य से शुरू की गई है.
1 दिसंबर 2025 से बिजली बिल राहत योजना 2025 लागू होने जा रही है. इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को सरचार्ज पर 100% छूट मिलेगी और इसके साथ ही बिजली के मूल बकाया पर भी 25% तक की छूट का लाभ दिया जाएगा. अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल आजमगढ़ प्रथम ने बताया कि यह योजना जिला भर के पुराने बकाएदार उपभोक्ताओं को राहत देने और उन्हें फिर से नियमित उपभोक्ता के रूप में जोड़ने का एक महत्वपूर्ण कदम है.
तीन चरणों में मिलेगी राहत
योजना को तीन चरणों में बांटा गया है और लाभ पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा. पहला चरण 1 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक रहेगा जिसमें उपभोक्ताओं को मूल बकाया पर 25% तक की छूट मिलेगी. दूसरा चरण 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक चलेगा जिसमें मूल बकाया पर 20% तक की छूट दी जाएगी. तीसरा चरण 1 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक होगा जिसमें उपभोक्ता अपने बकाए पर 15% तक की छूट प्राप्त कर सकेंगे.
किन उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा
यह योजना मुख्य रूप से छोटे घरेलू और छोटे वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए बनाई गई है. घरेलू श्रेणी LMV–1 में वे उपभोक्ता शामिल होंगे जिनके कनेक्शन का भार 2kw तक है. वहीं वाणिज्यिक श्रेणी LMV–2 में वे उपभोक्ता शामिल होंगे जिनका कनेक्शन भार 1kw तक है. इस योजना का लाभ उन उपभोक्ताओं को मिलेगा जो LUC यानी लॉन्ग अनपेड कस्टमर श्रेणी में आते हैं और 31 मार्च 2025 या उससे पहले अंतिम बार बिल जमा कर चुके हैं. इसके अलावा NPC यानी नेवर पेड़ कंज्यूमर भी इसमें शामिल होंगे जिनके कनेक्शन लेने के बाद आज तक बिल जमा नहीं हुए हैं.
बंद या कटे कनेक्शन पर भी छूट
जिन उपभोक्ताओं का कनेक्शन लंबे समय से बंद है या बिल न चुकाने के कारण कट चुका है वह भी बिना किसी अतिरिक्त जुर्माना और बिना जटिल प्रक्रिया के अपना कनेक्शन फिर से नियमित करा सकते हैं. इस योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी विद्युत खंड या उपखंड कार्यालय जा सकते हैं. वह विभागीय कैश काउंटर, विद्युत सखी, जन सेवा केंद्र या यूपीपीसीएल की वेबसाइट www.uppcl.org के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं.
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं…और पढ़ें
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं… और पढ़ें