फूलों की इस किस्म से किसान बना लखपति, खेत में ही आ रहे खरीददार, 1 महीने की कमाई 60 हजार
Last Updated:
Genda Phool Ki Kheti: फर्रुखाबाद के एक किसान ने गैर-सीजन गेंदा की खेती कर अपनी किस्मत बदल दी है. कम जमीन और कम लागत में शुरू की गई इस खेती से उन्हें शादी और त्योहारों के बढ़ते ऑर्डरों के कारण हर महीने हजारों की कमाई हो रही है. जिससे वह लगातार मुनाफा कमा रहे हैं और खरीदार सीधे खेत पर आकर फूल खरीद रहे हैं.
फर्रुखाबाद: मेहनत, मजबूत इरादे और कुछ नया करने का जुनून हो तो खेती में भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है. उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के एक किसान ने यह साबित कर दिखाया है. परंपरागत खेती से हटकर उन्होंने गेंदा के फूलों की गैर-सीजन खेती शुरू की और देखते ही देखते अपनी किस्मत चमका ली. आज हालत यह है कि वह कम जमीन में भी अच्छा खासा मुनाफा कमा रहे हैं. शादी, त्योहार और आयोजनों में फूलों की बढ़ती मांग के कारण उनके पास लगातार ऑर्डर आ रहे हैं और कमाई भी बढ़ती जा रही है.
फर्रुखाबाद के कोरी खेड़ा गांव के किसान अखिलेश ने अपने तीन बीघा खेत में गेंदा की खेती शुरू की. इस खेत में उन्हें सिर्फ दो हजार रुपए की लागत आई. करीब छह महीनों में गेंदा की फसल पूरी तरह तैयार हो गई. फसल तैयार होते ही उनकी कमाई बढ़ी और उसी खेत में उन्होंने दूसरी फसल भी रोप दी, जिससे एक ही जमीन से दोगुना फायदा मिल रहा है. एक बीघा जमीन में लगभग दस कुंतल तक गेंदा का फूल तैयार हो जाता है. जैसे ही पहली फसल तैयार होती है, वह उसी समय अगली फसल की पौध लगा देते हैं, जिससे लगातार उत्पादन और कमाई बनी रहती है.
गेंदा ने बदल दी किसान की किस्मत
गांव और आसपास के इलाकों में गेंदा की इतनी डिमांड है कि खरीदार सीधे खेत पर आकर फूल खरीद लेते हैं. अब तो दूसरे जिलों से भी ऑर्डर आ रहे हैं. गेंदा के फूलों के दाम 60 से 100 रुपए प्रति किलो तक मिल जाते हैं. अखिलेश बताते हैं कि सिर्फ एक महीने में ही गेंदा की खेती से करीब 60 हजार रुपए की कमाई हो गई. उनका मानना है कि ज्यादा जमीन होना जरूरी नहीं है, बल्कि सही फसल और सही समय पर मेहनत करने से कम जमीन में भी अच्छा मुनाफा हासिल किया जा सकता है.
फूलों की खेती में कम जोखिम और ज्यादा लाभ
अखिलेश ने लोकल 18 से बताया कि जब से उन्होंने गेंदा की खेती शुरू की है, हर महीने करीब 60 हजार रुपए की कमाई हो रही है. तीन बीघा जमीन में सिर्फ गेंदा उत्पादन से वह लगभग एक लाख रुपए तक का मुनाफा कमा रहे हैं. इसमें रोग कम लगते हैं, मिट्टी की उर्वरक क्षमता बढ़ती है और जमीन भी उपजाऊ बनी रहती है. सबसे बड़ी बात यह है कि बाजार तक फसल ले जाने की परेशानी भी नहीं होती, क्योंकि खरीदार सीधे खेत में पहुंचकर फूल खरीद लेते हैं.
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं…और पढ़ें
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं… और पढ़ें