ग्रेटर नोएडा: ‘नमो-नमो शंकरा और इकतारा’, जब अमित त्रिवेदी ने स्टेज पर बांधा सुर, झुम उठे कॉलेज के स्टूडेंट्स
ग्रेटर नोएडा: GL Bajaj इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में फ्रेशर पार्टी 2025 का आयोजन धूमधाम और जबरदस्त उत्साह के साथ किया गया. हर साल की तरह इस बार भी नए छात्रों के स्वागत के लिए शानदार कार्यक्रम की तैयारी की गई थी, लेकिन इस वर्ष का सबसे बड़ा आकर्षण रहे बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार, गायक और गीतकार अमित त्रिवेदी, जिनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को एक नए आयाम पर पहुंचा दिया. जैसे ही अमित त्रिवेदी ने मंच पर कदम रखा, पूरे हॉल में तालियों की गड़गड़ाहट और छात्रों की उत्साहित आवाज़ों ने समां बांध दिया.
फ्रेशर पार्टी का मुख्य उद्देश्य नए छात्रों को कॉलेज वातावरण से परिचित कराना और उनके लिए एक यादगार शाम तैयार करना था. कॉलेज प्रबंधन ने इस बार इसे विशेष बनाने के लिए अमित त्रिवेदी को आमंत्रित किया था, जो अपनी ऊर्जा, अनोखी आवाज और लोकप्रिय धुनों के लिए जाने जाते हैं. उनकी लाइव परफॉर्मेंस ने कार्यक्रम की रौनक कई गुना बढ़ा दी.
फ्लैशलाइट्स के साथ माहौल रोशन
अमित त्रिवेदी ने अपने संगीत कार्यक्रम की शुरुआत फिल्म वेक अप सिड के लोकप्रिय गाने ‘इकतारा’ से की, जिसे सुनते ही छात्रों ने मोबाइल फ्लैशलाइट्स के साथ माहौल को रोशन कर दिया. इसके बाद उन्होंने अपनी हिट फिल्मों और एल्बमों के गीतों की लड़ी पेश की, जिनमें ‘यह तस्वीर है ख्वाबों के रंगों की’, ‘गल मिट्ठी-मिट्ठी बोल’, और ‘नमो नमो शंकरा’ जैसे सुपरहिट गाने शामिल थे. हर गाने के साथ छात्रों की तालियों, सीटियों और उत्साह ने साबित कर दिया कि वे अमित त्रिवेदी के संगीत के सच्चे प्रशंसक हैं.
अमित त्रिवेदी की लाइव परफॉर्मेंस ने जीता दिल
जब उन्होंने ऊर्जावान अंदाज में ‘नमो नमो शंकरा’ गाया तो पूरा हॉल झूम उठा. छात्र सिर्फ श्रोता नहीं, बल्कि उनके साथ गुनगुना रहे थे. इस दौरान हॉल की ऊर्जा चरम पर पहुंच गई और सभी एक स्वर में गीत का आनंद लेते दिखे. कार्यक्रम में न सिर्फ छात्र बल्कि फैकल्टी मेंबर्स, स्टाफ और कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे. छात्रों की ओर से प्रस्तुत नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं, लेकिन अमित त्रिवेदी की लाइव परफॉर्मेंस ने पूरे शाम को यादगार बना दिया.
कई छात्रों ने कहा कि यह उनका अब तक का सबसे खास कॉलेज इवेंट था. GL Bajaj के आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को प्रेरणा देने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और कॉलेज जीवन को सकारात्मक ऊर्जा से भरने का काम करते हैं. सोशल मीडिया पर भी छात्रों ने इस शानदार आयोजन के वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए अपने अनुभव व्यक्त किए.