इलेक्ट्रिक बसों की गोरखपुर में बढ़ी संख्या, अब हर 15 मिनट में शहरी-ग्रामीण रूटों पर मिलेगी सुविधा, जानिए रूट और शेड्यूल
गोरखपुर: शहर के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. मेडिकल कॉलेज, नौसढ़, शास्त्री चौक, रोडवेज और रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए अब इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ा दी गई है. बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए शहर में ई-बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं, जिससे मेडिकल कॉलेज रोड पर हर 15 मिनट में बस उपलब्ध रहेगी.
महेसरा से मेडिकल कॉलेज तक नए रूटों पर बसें
परिवहन विभाग ने तय किया है कि महेसरा डिपो से शास्त्री चौक, रोडवेज, काली मंदिर और धर्मशाला पुल होते हुए मेडिकल कॉलेज तक चार इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी. दूसरा नया रूट महेसरा से नौसढ़, पैडलेगंज और मेडिकल कॉलेज तक तय किया गया है, जहां भी चार ई-बसें तैनात होंगी.
29 नवंबर से दोनों रूटों पर फेरे बढ़ाकर सेवाओं में सुधार किया जाएगा, ताकि मरीजों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिले. महानगर इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए फेरे बढ़ाए गए हैं. किराया पहले की तरह ही रहेगा.
किराया संरचना
न्यूनतम किराया 10 रुपए
3 किमी तक: 10 रुपए
3-6 किमी तक: 15 रुपए
6-10 किमी तक: 20 रुपए
अधिकतम किराया: 20 रुपए
हाल ही में ई-बसें ग्रामीण इलाकों जैसे सहजनवां, सिकरीगंज, कोड़ीराम, गगहा आदि तक चलाई गई थीं. इससे शहर के व्यस्त रूटों पर बसों की कमी हुई थी. अब ग्रामीण इलाकों में नई बसें चलने लगी हैं, इसलिए ई-बसों को फिर से शहर के मुख्य मार्गों पर केंद्रित किया जा रहा है.
25 नई बसें, बेड़ा बढ़कर 100 तक जाएगा
फिलहाल शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसें अलग-अलग रूटों पर रोजाना चल रही हैं, जिनसे लगभग 12 हजार यात्री सफर कर रहे हैं. समिति की योजना है कि जल्द ही 25 नई ई-बसें शामिल की जाएं. लक्ष्य है कि भविष्य में गोरखपुर में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो.
यात्रियों के लिए मोबाइल ऐप और वन यूपी-वन कार्ड
यात्रियों की सुविधा के लिए एक मोबाइल ऐप तैयार किया जा रहा है, जिसमें बस की लाइव लोकेशन, रूट और आगमन समय की जानकारी मिल सकेगी. ऐप की टेस्टिंग जारी है और सफल होने पर इसे सार्वजनिक किया जाएगा. समिति के अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों को ‘वन यूपी-वन कार्ड’ भी उपलब्ध कराया जाएगा. कार्ड निशुल्क होगा, बस पहली बार 100 रुपए का रिचार्ज करना होगा. इसके बाद यात्री अपनी सुविधा के अनुसार इसे रिचार्ज कर सकेंगे.