‘जहां भी जाते हैं, लोग भगा देते हैं’, मुगलसराय का ये गांव आज भी सूखा, पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसते ग्रामीण
चंदौली: जिले के मुगलसराय स्थित महाबलपुर गांव में लगभग 6 महीने से पानी की आपूर्ति ठप है. इससे करीब 8 हजार ग्रामीण गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं. पानी न मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने कई बार एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन आज तक पानी की व्यवस्था नहीं हुई है. दरअसल, 50 की संख्या में ग्रामीणों ने गांव की पानी की टंकी पर पहुंचकर भी अपना विरोध जताया. इसमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल थे. वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि पानी की समस्या उनके लिए सबसे जटिल है, क्योंकि जल ही जीवन है, लेकिन उनकी एक दिन की पानी की आवश्यकता भी पूरी नहीं हो पा रही है.
6 महीने से घर में नहीं आ रहा पानी
ग्रामीणों ने जानकारी दी कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की है. जल निगम के अधिकारियों को भी इस बारे में अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है. वहीं, ग्रामीण गीता देवी ने बताया कि पिछले 6 महीने से उनके घर में पानी नहीं आ रहा है.
पानी भरने जाने पर भगा देते हैं लोग
ग्रामीण अफसाना ने बताया कि हम लोगों को पानी की समस्या है, पिछले 6 महीने से पानी की बहुत बड़ी समस्या बनी हुई है. उन्होंने बताया कि हम लोग किसी को कंप्लेन देने भी जाते है तो कोई कुछ जवाब देता है तो कोई कुछ कहकर टाल देता है, लेकिन पूरे गांव में पानी की समस्या है. जल ही जीवन है, पानी के लिए अगर हर दिन किसी के यहां जाओ, तो वह भी भगा देता है.
पानी न मिलने से पूरा गांव परेशान
एक और ग्रामीण अजय सोनकर ने कहा कि पिछले 6 महीने से उनके भी घर में पानी नहीं आ रहा है. उन्होंने कहा कि पानी न मिलने से पूरा गांव परेशान है. हम सबकी यही मुख्य मांग है कि गांव में जल्द से जल्द नियमित जल आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि उनकी रोजमर्रा की जीवन की मुश्किलें खत्म हो सके. उन्होंने बताया कि पूरे गांव में करीब 8 हजार लोग रहते हैं.
बता दें कि विरोध प्रदर्शन में मनोज सोनकर, रामबाबू सोनकर, अजय चौहान, बिक्रम सोनकर, चंदन सोनकर, गुलजार अंसारी, सुफियान अंसारी, रिक्की पठान, गीता देवी, पार्वती पांडेय, प्रभा देवी, शहनाज, मुन्नी देवी, गणेशी देवी, लक्ष्मी देवी, बबीता देवी, मीरा देवी, बसंती देवी, संजय सोनकर, बिमला देवी, इंदु देवी सोनकर, पुष्पा देवी, गोविंदा सोनकर, अजित कुमार, विकास कुमार, कारण सोनकर, सलमान कुरैशी सहित कई अन्य ग्रामीण शामिल रहे.