14 साल की उम्र में गैंगरेप, अब जज बनने का जज्बा, बुलंदशहर रेपकांड की पीड़िता के साहस को सलाम
Last Updated:
Bulandshahr Latest News: यूपी के बुलंदशहर में साल 2016 में मां-बेटी का गैंगरेप हाइवे पर हुआ था. उस दौरान मासूम की उम्र सिर्फ 14 साल थी. 9 साल बाद 2025 में अब उन आरोपियों को सजा सुनाई जाएगी, जिसने उनके साथ गैंगरेप किया था. इसी बीच अब रेप पीड़िता युवती सामने आई जो अब 23 वर्ष की हो गई है और उसने अपना दर्द सुनाया.
बुलंदशहर: साल था 2016 का जब एक 14 साल की मासूम और उसकी मां के साथ बुलंदशहर हाइवे-91 पर बंदूक की नोक पर पांच लोगों ने बेरहमी से गैंग रेप किया था. अब उन आरोपियों को आज बुलंदशहर की पॉक्सो कोर्ट सजा सुनाएगी. उससे पहले आज हम उस मासूम पीड़िता के बारे में जानेंगे कि आखिर आज वह क्या कर रही है और कैसी है. 14 साल की मासूम की उम्र आज 23 साल हो गई है और अब वह जज बनने का सपना देख रही है और लॉ की पढ़ाई कर रही है.
रेप के बाद से पीड़िता के सामने कई कठिनाइयां आईं, मगर वह कभी भी हार नहीं मानी और आज तक उन समस्याओं से एक योद्धा की तरह लड़ रही है. बीते दिन रविवार को पीड़िता ने TOI से बातचीत की और उसमें जो बताया वह बाकई काफी दर्दनाक है. पीड़िता ने कहा कि रेप की घटना के बाद से उसने और उसके परिवार ने जो कुछ भी सहा वह ‘बर्बर और अमानवीय’ था, लेकिन वे एक साथ डटे रहे और लड़ते रहे.
बातचीत के दौरान बार-बार रोते हुए उसने कहा कि हमने पहचान और परेशानी से बचने के लिए कई बार पते और शहर बदले, लेकिन हर बार हमारी पहचान हो जाती थी और हमें बदनाम किया जाता था. उसने अपने डरावने सपनों के बारे में कहा कि मुझे हर चेहरा याद है, वे इंसान नहीं हैं… वे शैतान हैं.
बुलंदशहर की पॉक्सो कोर्ट द्वारा उसकी मां और उसके खुद के गैंग रेप में शामिल पांच लोगों को दोषी ठहराए जाने के एक दिन बाद, पीड़िता ने कहा कि जिन्होंने मेरी जिंदगी बर्बाद की है उन्हें आज कानून सजा दे रहा है यह जानकर उन्हें उम्मीद मिली है. पीड़िता ने कहा कि हमें नार्मल होने में बहुत समय लगेगा. उन्होंने जो किया, उसने न सिर्फ हमारे शरीर को नुकसान पहुंचाया, बल्कि हमारी ज़िंदगी, शांति, हमारा भविष्य भी बर्बाद कर दिया. शांत और उदास मन से पीड़िता ने बोला कि ट्रॉमा कभी नहीं जाता, रातें सबसे बुरी होती हैं, मैं अब भी डरकर उठती हूं.
About the Author

न्यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे…और पढ़ें