मात्र 15 सेकंड और एक महिला ने पुरुष पहलवान को धर पलटा, नजारा देख लोग बोले- ‘ये तो दंगल की बबीता फोगाट है’
Last Updated:
Hamirpur News: मात्र 15 सेकंड और एक महिला पहलवान ने पुरुष पहलवान को जमीन पर पटक दिया. फिल्म ‘दंगल’ के जैसी असल तस्वीर उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में देखने को मिली. जिसने भी इस मंजर को देखा, वो तालियां बजाने से खुद को रोक नहीं पाया.
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में आयोजित एक पारंपरिक दंगल कार्यक्रम में उस समय रोमांचक नजारा देखने को मिला, जब एक महिला पहलवान ने मात्र 15 सेकंड में पुरुष पहलवान को धूल चटा दी. यह दृश्य फिल्म ‘दंगल’ की याद दिलाने वाला था. जिसने भी इस मुकाबले को देखा, वह महिला पहलवान की ताकत और कौशल से प्रभावित हुए बिना नहीं रह सका.
यह पूरा घटनाक्रम हमीरपुर जिले के ग्राम चंडौत में आयोजित पारंपरिक मेले के दौरान देखने को मिला. मेले में दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें उत्तर प्रदेश के कई जिलों से नामी पहलवान अपने दमखम का प्रदर्शन करने पहुंचे थे. इसी दंगल में हरियाणा से आई महिला पहलवान पूनम ने भी हिस्सा लिया.
पुरुष पहलवान को दी पटखनी
दंगल के दौरान पूनम ने बाराबंकी से आए पुरुष पहलवान राजेश को कुश्ती के लिए चुनौती दी. शुरुआत में दर्शक इस मुकाबले को लेकर उत्सुक तो थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि नतीजा इतना चौंकाने वाला होगा. राजेश ने भी पूरे जोश के साथ इस चुनौती को स्वीकार कर लिया और अखाड़े में उतर गया.
जैसे ही कुश्ती शुरू हुई, पूनम ने अपने बेहतरीन दांव-पेंच का प्रदर्शन करते हुए राजेश को संभलने का मौका ही नहीं दिया. कुछ ही पलों में पूनम ने जोरदार पलखनी मारते हुए राजेश को जमीन पर पटक दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला पहलवान ने मात्र 15 सेकंड के भीतर पुरुष पहलवान को एक ही चित में हरा दिया.
पूरे अखाड़े में तालियों की गूंज
राजेश ने पलखनी खाते ही अपनी हार स्वीकार कर ली. इसके बाद पूरे अखाड़े में तालियों और जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी. दर्शकों ने पूनम के साहस, ताकत और तकनीक की जमकर तारीफ की. कई लोगों ने उसकी पहलवानी की तुलना फोगाट बहनों से भी की. इस मुकाबले ने न सिर्फ दंगल को यादगार बना दिया, बल्कि महिला पहलवानों की बढ़ती ताकत और आत्मविश्वास का भी शानदार उदाहरण पेश किया.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.