UP News Live: सीतापुर में पिता-पुत्र की हत्या से सनसनी, यूपी में SIR फॉर्म की समयसीमा खत्म

0
UP News Live: सीतापुर में पिता-पुत्र की हत्या से सनसनी, यूपी में SIR फॉर्म की समयसीमा खत्म


सीतापुर में डबल मर्डर से सनसनी, पिता-पुत्र की हत्या से तनाव

सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में पिता-पुत्र की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान छोटे खान और उनके पुत्र मैसर के रूप में हुई है. पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है. घटना से पहले हमलावरों से विवाद हुआ था, जिस पर पुलिस ने केवल 151 की कार्रवाई कर औपचारिकता निभाई थी. मृतक कुछ दिन पहले ही जेल से छूटे थे और हत्या के मामले में बंद थे. दो समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण इलाके में तनाव है. एसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात है.

हापुड़ में चौकीदार निकला चोर, गोदाम से माल और नकदी चोरी

हापुड़ में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है, जहां गोदाम की रखवाली के लिए रखा गया चौकीदार ही चोर बन गया. आरोपी चौकीदार शालू ने अपने ही मालिक के गोदाम से माल चोरी कर लिया. मामले की जानकारी मिलने पर हापुड़ कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया माल और करीब 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात कबूल की है. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है.

क्रिकेट टीम में सेलेक्शन के नाम पर ठगी, 14.30 लाख हड़पे

बिहार क्रिकेट टीम में चयन कराने के नाम पर ठगों द्वारा बड़ी ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने युवा क्रिकेटर भवेश कुमार को झांसे में लेकर बिहार क्रिकेट टीम में सेलेक्शन का भरोसा दिलाया और उससे करीब 14.30 लाख रुपये हड़प लिए. जब काफी समय बाद भी चयन नहीं हुआ तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उसने हापुड़ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और ठगी की रकम बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है.

यूपी में SIR फॉर्म की समयसीमा खत्म, 2.89 करोड़ वोटरों के नाम कटेंगे

उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) फॉर्म भरने की समयसीमा 26 दिसंबर की रात 12 बजे समाप्त हो गई है. इसके बाद राज्य में करीब 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटेंगे. इनमें 1.26 करोड़ स्थानांतरित, 46 लाख मृत, 23.70 लाख डुप्लीकेट, 83.73 लाख अनुपस्थित और 9.57 लाख अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं. 1.11 करोड़ वोटरों को नोटिस जारी कर दस्तावेज मांगे जाएंगे. 31 दिसंबर को प्रारंभिक और 28 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी. 31 दिसंबर से 30 जनवरी तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी.

आज से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन-2025

सीएम योगी आदित्यनाथ.

उत्तर प्रदेश पुलिस को देश की सर्वोत्तम पुलिस बनाने के उद्देश्य से योगी सरकार द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन-2025 का शुभारंभ आज किया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 9:45 बजे पुलिस मुख्यालय पहुंचकर दो दिवसीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे. CM सभी 11 सत्रों में मौजूद रहेंगे. आज 7 और 28 दिसंबर को 4 सत्रों में कानून-व्यवस्था, बीट पुलिसिंग, महिला अपराध, साइबर क्राइम, पुलिस ट्रेनिंग, अभियोजन, फॉरेंसिक, आपदा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, इंटेलिजेंस, बॉर्डर सुरक्षा और संगठित अपराध जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी. 45 वरिष्ठ अधिकारी प्रजेंटेशन देंगे. अंत में CM विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेंगे.

आगरा में तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में युवक की मौत

आगरा में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. थाना फतेहाबाद क्षेत्र के बाह रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है.

माघ मेला 2026 के मद्देनजर दारागंज शवदाह स्थल अस्थायी रूप से स्थानांतरित

प्रयागराज में माघ मेला 2026 को लेकर प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा, यातायात सुगमता व भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए मोरी रोड स्थित दारागंज शवदाह स्थल को अस्थायी रूप से शिवकुटी के पास स्थानांतरित किया गया है. 27 दिसंबर 2025 से माघ मेला समाप्ति 15 फरवरी 2026 तक दारागंज घाट पर शवदाह नहीं होगा. इस अवधि में सभी शवदाह शिवकुटी स्थित नए स्थल पर किए जाएंगे. परिजनों के आवागमन के लिए नागवासुकि मंदिर के सामने बनी रिवर फ्रंट रोड का उपयोग होगा. मार्ग पर संकेतक और यातायात पुलिस की व्यवस्था रहेगी. मेला समाप्ति के बाद पूर्व व्यवस्था बहाल की जाएगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *