10 मिनट में तैयार अनोखा गुलाब जामुन केक, स्वाद और ताजगी ने बढ़ाई डिमांड, जानें
Last Updated:
जिले में मिठाइयों का स्वाद अब एक नए अंदाज में लोगों को आकर्षित कर रहा है. अब तक लोगों ने गुलाब जामुन का पारंपरिक स्वाद खूब पसंद किया है, लेकिन अब वही स्वाद एक अनोखे और हटकर रूप में चर्चा का विषय बना हुआ है. गुलाब जामुन केक नाम का यह नया आइटम स्वाद के शौकीनों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. पारंपरिक मिठाई और मॉडर्न केक का यह खास मेल लोगों को खूब भा रहा है. आइए जानते हैं गुलाब जामुन केक की खासियत और इसकी दिलचस्प रेसिपी…
आज हम बात कर रहे हैं गुलाब जामुन के अनोखे केक की, जो इन दिनों बलिया में खास आकर्षण बना हुआ है. इस केक का स्वाद चखने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं. खास बात यह है कि यह केक एक नहीं, बल्कि कई फ्लेवर का मजा एक साथ देता है, जिसे हर उम्र के लोग खूब पसंद कर रहे हैं.

गुलाब जामुन केक को पारंपरिक केक से बिल्कुल अलग अंदाज़ में तैयार किया जाता है. आम केक जहां ब्रेड और क्रीम से बनते हैं, वहीं यह खास केक छेना, रसगुल्ला और ड्राई फ्रूट्स से बनाया जाता है. इसी वजह से इसका स्वाद सामान्य केक की तुलना में कहीं ज्यादा रिच और खास माना जाता है.

इस केक की तैयारी भी बेहद दिलचस्प होती है. सबसे पहले सफेद स्पंज पर ताज़ी क्रीम लगाई जाती है, फिर इसमें अलग-अलग तरह के ड्राई फ्रूट्स मिलाए जाते हैं. इसके बाद केक के किनारों पर छोटे-छोटे रसगुल्ले सजाए जाते हैं और बीच में एक बड़ा रसगुल्ला लगाया जाता है, जो इसे खासा आकर्षक बनाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

दुकान के मैनेजर अंकित गुप्ता के मुताबिक, ग्राहकों की मांग पर गुलाब जामुन केक पूरी तरह ताज़ा तैयार किया जाता है और मात्र 10 मिनट में परोस दिया जाता है. इसी वजह से लोग इसका स्वाद लेने के लिए इंतज़ार करना भी पसंद करते हैं. इसे न सिर्फ बलिया, बल्कि आसपास के जिलों से आने वाले लोग भी चखकर खूब सराह रहे हैं.

गुलाब जामुन केक की कीमत की बात करें तो यह खास केक आधा किलो करीब 450 रुपये में मिलता है. स्वाद, ताजगी और अनोखेपन के कारण लोग इसे खुशी-खुशी खरीद रहे हैं. कुल मिलाकर, गुलाब जामुन केक ने बलिया की मिठाई की दुनिया में एक नया और यादगार स्वाद जोड़ दिया है.

अगर आप भी इस नए केक के अनोखे स्वाद का आनंद लेना चाहते हैं, तो जनपद बलिया रेलवे स्टेशन से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर, वीर लॉरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम के ठीक बगल में स्थित जमुना बेकरी मिष्ठान भंडार पहुंच सकते हैं. यहां गुलाब जामुन केक के अलावा भी कई अनोखे और स्वादिष्ट आइटम देखने व चखने को मिल जाएंगे.