मॉक पेपर से बनेगा कॉन्फिडेंस, पक्की होगी जीत, यूपी पुलिस भर्ती की तैयारी करने वालों के लिए खास टिप्स
कानपुर: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए सही रणनीति अपनाना सबसे जरूरी है. सिर्फ किताबें पढ़ लेना ही काफी नहीं होता, बल्कि यह समझना भी जरूरी है कि परीक्षा में प्रश्न किस तरह से पूछे जाते हैं और समय का सही उपयोग कैसे किया जाए. कानपुर के अनुभवी शिक्षक और प्रतियोगी परीक्षाओं के एक्सपर्ट रामजी शुक्ला का कहना है कि अगर अभ्यर्थी सही दिशा में मेहनत करे, तो सफलता मुश्किल नहीं है.
मॉक पेपर ही है सफलता की चाबी
रामजी शुक्ला बताते हैं कि यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में मॉक पेपर सबसे बड़ा हथियार है. जितने ज्यादा मॉक पेपर लगाए जाएंगे, उतना ही परीक्षा का डर कम होगा. मॉक पेपर से बच्चों को यह पता चलता है कि प्रश्न किस स्तर के आते हैं, कौन सा टॉपिक मजबूत है और कहां सुधार की जरूरत है. उनका कहना है कि रोज कम से कम एक मॉक टेस्ट जरूर देना चाहिए और टेस्ट देने के बाद उसकी अच्छी तरह से जांच भी करनी चाहिए. गलत सवालों को दोबारा पढ़ना और समझना बेहद जरूरी है.
सिलेबस और टाइम मैनेजमेंट पर फोकस
यूपी पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे छात्रों को सबसे पहले पूरा सिलेबस अच्छे से समझ लेना चाहिए. बिना सिलेबस देखे पढ़ाई करना समय की बर्बादी है. रामजी शुक्ला के अनुसार, सिलेबस को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर पढ़ाई करनी चाहिए. इसके साथ ही टाइम मैनेजमेंट पर खास ध्यान देना जरूरी है. परीक्षा में समय कम होता है, इसलिए अभ्यास के दौरान भी घड़ी देखकर सवाल हल करने की आदत डालनी चाहिए.
कमजोर विषयों पर ज्यादा मेहनत
कई बार बच्चे वही विषय बार-बार पढ़ते रहते हैं, जिसमें वे पहले से मजबूत होते हैं, लेकिन एक्सपर्ट की सलाह है कि कमजोर विषयों पर ज्यादा मेहनत करनी चाहिए. जैसे अगर गणित कमजोर है, तो रोज थोड़ा-थोड़ा गणित जरूर पढ़ें. कमजोर टॉपिक से भागने की बजाय उसे समझने की कोशिश करें. शुरुआत में मुश्किल लगेगा, लेकिन धीरे-धीरे आत्मविश्वास बढ़ेगा.
रिवीजन और नियमित अभ्यास जरूरी
रामजी शुक्ला बताते हैं कि पढ़ी हुई चीजों का रिवीजन न किया जाए, तो सब भूलने का खतरा रहता है. इसलिए हर हफ्ते रिवीजन के लिए समय जरूर निकालें. इसके अलावा नियमित अभ्यास बहुत जरूरी है. रोजाना पढ़ाई का एक तय समय बनाएं और उसी समय पर पढ़ाई करें. इससे दिमाग भी उसी समय पढ़ने का आदी हो जाता है. परीक्षा की तैयारी के दौरान तनाव आना आम बात है, लेकिन घबराने से कुछ हासिल नहीं होता. सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास सफलता की सबसे बड़ी ताकत है.
रामजी शुक्ला का कहना है कि मेहनत करने वाला कभी असफल नहीं होता. सही रणनीति, मॉक पेपर का अभ्यास और लगातार मेहनत से यूपी पुलिस भर्ती में जरूर सफलता मिलेगी. अगर यूपी पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी मॉक पेपर को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें, सिलेबस के अनुसार पढ़ाई करें और नियमित अभ्यास व रिवीजन करें, तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी.