दिल्ली-मेरठ मार्ग पर प्रशासन की लापरवाही फिर पड़ी भारी, गड्ढों से भरी पुलिया पर फिसली स्कूटी, युवती की हालत नाजुक
Last Updated:
रात करीब 10 बजे स्कूटी सवार भाई-बहन पुलिया में बने गड्ढे के कारण संतुलन खो बैठे और पास के बड़े नाले में जा गिरे. इस हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को नाले से बाहर निकाला गया.
गाजियाबाद: अभी कुछ दिनों पहले नोएडा में गड्ढे में डूबने से एक इंजीनियर की मौत हो गई थी, लेकिन इस घटना के बाद भी गाजियाबाद प्रशासन खतरनाक स्थानों की पहचान कर ठोस कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है. इसी लापरवाही का नतीजा गुरुवार रात दिल्ली-मेरठ मार्ग पर देखने को मिला, जहां एक बार बड़ा हादसा क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण हुआ.
क्या है पूरी घटना
दरअसल, रात करीब 10 बजे स्कूटी सवार भाई-बहन पुलिया में बने गड्ढे के कारण संतुलन खो बैठे और पास के बड़े नाले में जा गिरे. इस हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को नाले से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां युवती (बहन) की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार, मोदीनगर की सुदामापुरी कॉलोनी निवासी अनिल का परिवार, भाई की शादी की सालगिरह पर रेस्तरां गया था. लौटते समय अनिल का बेटा अजय (19) और बेटी साक्षी (17) स्कूटी से घर आ रहे थे. साईं मंदिर के सामने सड़क पार करते वक्त पुलिया में गड्ढा दिखने पर अजय ने स्कूटी रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन असंतुलित हो गया. इससे बचने के प्रयास में स्कूटी नाले की दीवार से टकरा गई और दोनों नाले में गिर पड़े.
घटना पर पुलिस ने क्या कहा
इस पूरी घटना पर पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूटी को पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मारी थी. हादसे के बाद एक व्यक्ति ने पहले अजय को बाहर निकाला, जबकि बाद में पास खड़े एक ट्राली से रस्सी मंगाकर कड़ी मशक्कत के बाद युवती को नाले से बाहर निकाला गया.
क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण के आदेश
इस पूरे मामले में एसडीएम मोदीनगर अजीत सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण और रखरखाव की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) की है, लेकिन इसके बाद भी संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचना भी जरूरी नहीं समझे. फिलहाल, इस हादसे के बाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण के आदेश दिए गए हैं.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें