Road Safety: सोशल मीडिया को बनाया जरिया…कन्नौज के TSI आफाक खा निराले अंदाज में लोगों को सिखा रहे ट्रैफिक नियम

0
Road Safety: सोशल मीडिया को बनाया जरिया…कन्नौज के TSI आफाक खा निराले अंदाज में लोगों को सिखा रहे ट्रैफिक नियम


Last Updated:

Road Safety Awareness: कन्नौज की सड़कों पर अब सड़क सुरक्षा का नया चेहरा बन चुके हैं टीएसआई आफाक खा. 2023 में ट्रैफिक प्रभारी बनने के बाद उन्होंने सिर्फ नियम लागू करना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा की अहमियत समझाना और जागरूक करना अपना मिशन बना लिया. उनका यह प्रयास न केवल शहर में बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोगों के लिए प्रेरणा बन गया है.

कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज शहर की सड़कों पर अब जागरूकता का नया नाम बन चुके हैं टीएसआई आफाक खा. जब उन्होंने 2023 में ट्रैफिक प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली, तब उन्होंने केवल नियम लागू करने की बजाय लोगों को समझाना और सिखाना शुरू किया.
कन्नौज में ट्रैफिक पुलिस में प्रभारी के रूप में तैनात किए जाने के बाद, आफाक खा ने सड़क सुरक्षा को केवल ड्यूटी नहीं, बल्कि एक जन-अभियान बना दिया. शुरुआत में वे खुद सड़कों पर उतरकर वाहन चालकों, राहगीरों और आम लोगों से संवाद करते थे. नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर जाकर वे ड्राइवरों को यातायात नियमों की अहमियत समझाते, जिससे दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

सोशल मीडिया बना मजबूत हथियार
जब मुख्यालय से निर्देश आए और मैदान में जाकर जागरूकता फैलाना सीमित हुआ, तब आफाक खा ने सोशल मीडिया का सहारा लिया. उन्होंने वीडियो के माध्यम से गंगा रोड, एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे पर लगे साइन बोर्डों की जानकारी देना शुरू किया.
उन्होंने बताया कि कई बार देखा गया है कि कुछ साइन बोर्ड ऐसे होते हैं, जिनका मतलब ड्राइवरों को पता नहीं होता और यही अनजानियां हादसों की वजह बन जाती हैं. उनकी वीडियो ने इस समस्या को दूर करने में मदद की और लोगों को ट्रैफिक रूल्स के प्रति जागरूक किया.

ड्राइवरों में बढ़ी समझ और सतर्कता
आफाक खा के वीडियो खास तौर पर ट्रक ड्राइवरों और अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों को बेहद पसंद आने लगे. वीडियो देखकर लोग न केवल साइन बोर्ड समझने लगे, बल्कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी बारीक जानकारियों से भी अवगत हुए.
कई ड्राइवरों ने माना कि सही जानकारी होने से वे बड़ी दुर्घटनाओं से बच पाए. इससे यह साबित होता है कि जागरूकता और सही जानकारी किस हद तक जीवन सुरक्षित रख सकती है.

दूर-दूर से लोग आते है मिलने
आज स्थिति यह है कि आफाक खा को देखने और उनसे मिलने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं. एक्सप्रेसवे पर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ट्रक ड्राइवर अपने वाहन किनारे लगाकर उनसे मिलने आते हैं और वीडियो की सराहना करते हैं.
परिवार के साथ सफर करने वाले लोग भी उनके वीडियो देखकर उन्हें पहचानने लगे हैं. इस तरह, आफाक खा न केवल ट्रैफिक नियम सिखा रहे हैं, बल्कि लोगों से जुड़कर सड़क सुरक्षा का संदेश दे रहे हैं.

लाखों फॉलोअर्स, पर एक ही उद्देश्य
सोशल मीडिया पर आफाक खा के लाखों फॉलोअर्स और फैंस हैं. उनका हर वीडियो लाखों व्यूज बटोरता है. आफाक खा का कहना है कि जो भी व्यक्ति ड्राइविंग से जुड़ा है, वह इन वीडियो को जरूर देखता है. उनका मकसद सिर्फ एक है कि लोगों को जागरूक करना ताकि हर सफर सुरक्षित हो.

कन्नौज के ट्रैफिक टीएसआई ने यह साबित कर दिया कि अगर नीयत साफ हो और माध्यम सही चुना जाए, तो एक व्यक्ति भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है. आफाक खा की यह मुहिम आज सड़क सुरक्षा की एक प्रेरणादायक मिसाल बन चुकी है.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें

homeuttar-pradesh

कन्नौज के TSI आफाक खा निराले अंदाज में लोगों को सिखा रहे ट्रैफिक नियम



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों