नौकरी के बहाने लड़कियों को फंसाते, फिर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देते, लखनऊ में लव जिहाद का खुलासा
Last Updated:
Lucknow News: यूपी के लखनऊ में देह व्यापार और लव जिहाद का मामला सामने आया है. कई युवतियों ने आरोप लगाया कि नौकरी का लालच देकर गैंग उन्हें फंसाता और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देता था.
लखनऊ लव जिहाद
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित गोमतीनगर इलाके में एक कैफे की आड़ में स्पा सेंटर और देह व्यापार चलाए जाने का मामला सामने आया है. बुधवार को कई युवतियां गोमतीनगर थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. वहीं हिंदू संगठन ने आरोपियों के छांगुर बाबा से कनेक्शन का आरोप लगाया है.
पीड़ित युवतियों का आरोप है कि कैफे संचालक जरूरतमंद लड़कियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था. इसके बाद उनके अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता और देह व्यापार के लिए मजबूर किया जाता था. जैसे ही इस मामले की जानकारी कैफे संचालक को मिली, वह कैफे बंद कर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
नौकरी की आड़ में चलता था देह व्यापार
गोमतीनगर स्थित ब्राउन गर्ल कैफे के संचालक राहुल उर्फ कमरू जमाल पर आरोप है कि वह लड़कियों को नौकरी का लालच देकर बुलाता था. फिर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता और अलग-अलग स्पा सेंटर और मसाज पार्लर में देह व्यापार के लिए भेजता था. एक पीड़िता ने बताया कि वह एग्जाम की तैयारी के लिए लखनऊ आई थी और पार्ट टाइम नौकरी ढूंढ रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात राहुल और उसके साथी कमर हयात इदरीसी से हुई. दोनों ने उसे कैफे में काम दिलाया. इस दौरान राहुल से उसकी नजदीकियां बढ़ीं.
आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल की धमकी
एक दिन राहुल ने उसे अपने कमरे पर बुलाकर बीयर पिलाई और नशे की हालत में उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया. इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा और देह व्यापार के लिए मजबूर किया. पीड़िता का यह भी आरोप है कि बाद में उसे आधार कार्ड से पता चला कि राहुल का नाम मोहम्मद कमरू जमाल है. इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ.
गलत काम करने का बनाया दबाव
एक अन्य युवती ने आरोप लगाया कि चार साल पहले, जब वह नाबालिग थी, तब आर्थिक तंगी के कारण नौकरी की तलाश कर रही थी. इसी दौरान राहुल से संपर्क हुआ. वह उसे दिल्ली से अजमेर और फिर लखनऊ लाया. यहां अलग-अलग जगहों पर रखा और बाद में स्पा सेंटर में काम दिलाया. युवती का आरोप है कि कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया गया और फिर उसके न्यूड वीडियो बना लिए गए. विरोध करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई और गलत काम करने का दबाव बनाया गया.
छांगुर बाबा पर लगाए आरोप
मामले को लेकर हिंदू महासभा के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे और हंगामा किया. संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने दावा किया कि इस मामले में धर्मांतरण और यौन शोषण जैसी बातें सामने आ रही हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई लड़कियों को फंसाया गया है. इसके साथ ही उन्होंने इस मामले का छांगुर बाबा से भी कनेक्शन बताया है. उनका आरोप है कि आरोपी छांगुर से प्रभावित थे. फिलहाल इस मामले में शिकायत की गई है. अब तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.