फतेहपुर में किसान की हत्या, शक के घेरे में छोटा भाई, फिर उठा लिया ये कदम
Agency:News18 Uttar Pradesh
Last Updated:
Fatehpur Crime News: फतेहपुर में किसान राम सिंह की हत्या के बाद छोटे भाई श्याम सिंह ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की. पुलिस की शुरुआती जांच में श्याम सिंह पर हत्या का संदेह है. श्याम को गंभीर हालत में…और पढ़ें
Fatehpur News: बड़े भाई की हत्या के बाद छोटे ने खुद को मारी गोली
हाइलाइट्स
- फतेहपुर में किसान की हत्या, छोटे भाई पर शक
- छोटे भाई ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की
- पुलिस ने जांच शुरू की, श्याम सिंह पर संदेह
फतेहपुर. फतेहपुर में सोमवार रात खेत में पानी लगाने गए युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. हत्या के करीब 12 घंटे बाद छोटे भाई ने पिता की दोनाली बंदूक से खुद के पेट में गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की. जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद घायल को कानपुर हैलट रेफर किया गया है. पुलिस की शुरुआती जांच में बड़े भाई की हत्या में छोटा भाई संदेह के घेरे में है. पुलिस सर्विलांस टीम की मदद से जांच में जुटी है.
घटना सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के जगजीवनपुर गांव की है. जानकारी के मुताबिक, जगजीवनपुर गांव का रहने वाला 35 वर्षीय उदय प्रताप उर्फ राम सिंह किसान था. वह तीन साल पहले सऊदी से लौटा था और गांव में रहता था. उसकी पत्नी एक बेटे संग मायके कौशांबी में रहती है. करीब तीन माह पहले राम सिंह का छोटा भाई श्याम सिंह भी सऊदी से लौटा है. दोनों भाई गांव में खेती करते हैं.
सोमवार रात राम सिंह और श्याम सिंह खेत में पानी लगाने गए थे. बिजली न होने पर श्याम घर लौट आया था. करीब रात 12 बजे श्याम ने बड़े भाई को फोन किया. फोन न उठने पर उसने पिता को बताया. पिता ने भी फोन मिलाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद श्याम और उसके पिता भाई की तलाश में रात करीब एक बजे कोटेदार के नलकूप पहुंचे. वहां चारपाई पर राम सिंह का खून से लथपथ शव पड़ा देखकर परिजनों के होश उड़ गए. उसके गले में धारदार हथियार का निशान था.
पुलिस ने शुरू की जांच
परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया. पुलिस ने श्याम सिंह की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की. मौके पर एएसपी विजय शंकर मिश्र, फोरेंसिक, सर्विलांस, एसओजी समेत कई टीमें पहुंचीं. टीमों ने श्याम सिंह से घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की. घटनास्थल पर सर्विलांस टीम मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस कर रही थी.
भाई पर हत्या का संदेह
इसी दौरान सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे श्याम सिंह ने खुद को गोली मार ली. श्याम को जिला अस्पताल लाया गया. गोली पेट के ऊपरी हिस्से में लगी है. हालत गंभीर देखकर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया. पुलिस ने लाइसेंसी दोनाली बंदूक को कब्जे में लिया है. एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि हत्या किसने की है, यह अभी साफ नहीं है. प्रारंभिक पूछताछ में भाई श्याम सिंह पर संदेह जताया जा रहा है. कुछ साक्ष्य भी उसके खिलाफ मिल रहे हैं. लोगों से पूछताछ की जा रही है.
Fatehpur,Uttar Pradesh
February 04, 2025, 10:59 IST