UP News Live: महाशिवरात्रि पर काशी से गाजियाबाद तक ‘बम-बम भोले’ की गूंज, दूधेश्वरनाथ में उमड़ा जनसैलाब, जौनपुर में फायरिंग से सनसनी
Last Updated:
UP Breaking News Today Live: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है. वाराणसी के काशी विश्वनाथ में मंगला आरती और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा के साथ दर्शन जारी हैं, वहीं गाजियाबाद के दूधेश्वर नाथ मंदिर में लाखों भक्तों की भीड़ जुटी है. बदायूं और एटा के मंदिरों में भी भारी संख्या में जलाभिषेक हो रहा है. इसी बीच, जौनपुर के बदलापुर में एक स्कूल पर हुई फायरिंग ने सनसनी फैला दी है, जहां पुलिस सीसीटीवी के जरिए बदमाशों की तलाश में जुटी है.
UP Breaking News Today Live: उत्तर प्रदेश में आज महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है. वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर गाजियाबाद के सिद्धपीठ दूधेश्वर नाथ मंदिर तक, चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंज रहे हैं. जहाँ एक ओर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर हैं, वहीं जौनपुर के बदलापुर से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहाँ बदमाशों ने एक स्कूल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी. आइए जानते हैं प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों का हाल.
वाराणसी: बाबा विश्वनाथ की पहली मंगला आरती संपन्न, भक्तों पर पुष्प वर्षा
धर्म की नगरी काशी में महाशिवरात्रि का उत्सव चरम पर है. बाबा विश्वनाथ मंदिर में प्रथम प्रहर की मंगला आरती दूध, दही, शहद और विशेष सामग्रियों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुई. श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर प्रशासन ने अनूठी पहल की है. कतार में खड़े लाखों भक्तों पर खुद कार्यपालक अधिकारी ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया. पूरा मंदिर परिसर और आसपास का इलाका शिवभक्तों से पटा पड़ा है, प्रशासन सुरक्षा और सुविधा पर पैनी नजर रखे हुए है.
गाजियाबाद: दूधेश्वर नाथ मंदिर में उमड़े लाखों भक्त, रावण ने भी की थी यहां पूजा
गाजियाबाद के ऐतिहासिक सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर में रात 12 बजे महंत नारायण गिरि महाराज के जलाभिषेक के साथ ही दर्शन शुरू हो गए. इस ऐतिहासिक मंदिर के बारे में ऐसा कहा जाता है कि यहां स्वयंभू शिवलिंग है और रावण ने भी यहां तपस्या की थी. मंदिर के बाहर करीब 2 किलोमीटर लंबी कतार लगी है. सुरक्षा के लिए स्वयंसेवकों और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है.
जौनपुर: बदलापुर में फिर गूंजी गोलियां, स्कूल पर फायरिंग से दहशत
भक्ति के इस माहौल के बीच जौनपुर के बदलापुर से चिंताजनक खबर है. भलुवाही स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल पर नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम फायरिंग की. राहत की बात रही कि कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल है. बता दें कि इसी स्कूल पर बीती 27 जनवरी को भी फायरिंग हुई थी. फिलहाल CO सुनील चंद तिवारी और पुलिस टीम CCTV फुटेज खंगाल रही है.
बदायूं और एटा: गंगाजल लेकर शिवालयों में उमड़े शिवभक्त
बदायूं: कछला गंगा घाट से जल भरकर लाए शिवभक्तों का तांता बिरुआवाडी, सराय बुरौलिया और सोही आश्रम जैसे मंदिरों में लगा हुआ है. भक्त बेलपत्र, भांग और धतूरे के साथ बाबा का अभिषेक कर रहे हैं.
एटा: प्राचीन कैलाश मंदिर में सुबह से ही भक्तों का हुजूम उमड़ रहा है. दूर-दराज से गंगाजल लेकर आए श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया है.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें