गर्मियों में अपने गार्डन में लगाएं ये पौधे, तेज धूप में भी खिलेंगे फूल, खुशबू से महक उठेगी बगिया
Last Updated:
Gardening Tips: फूलों की बागवानी के लिए सही पौधों का चयन जरूरी है. मुगलसराय के अलीनगर स्थित राज गार्डन नर्सरी के अमन सोनकर के अनुसार गेंदा, गुलमोहर, पोर्चुलाका, सूरजमुखी और साल्विया तेज धूप व कम पानी में भी अच्छे फूल देते हैं. बालकनी के लिए पिटूनिया मौसमी, जबकि क्रिसमस ट्री, एरेका पाम और क्रोटन परमानेंट विकल्प हैं. सही जल निकासी, हल्का पानी और जैविक खाद से पौधे लंबे समय तक खिले रहते हैं.
Gardening Tips: मार्च का महीना फूलों की बागवानी के लिए सही माना जाता है. हल्की गर्मी की शुरुआत के साथ ऐसे पौधे लगाने चाहिए, जो तेज धूप और कम पानी में भी आसानी से पनप सकें. अगर आप अपने घर की बालकनी या छत को रंग-बिरंगे फूलों से सजाना चाहते हैं, तो कुछ खास किस्मों के पौधे आपके लिए बेहतर साबित हो सकते हैं.
तेज धूप में भी देते हैं फूल
मुगलसराय के अलीनगर स्थित राज गार्डन नर्सरी में पौधों की देखरेख करने वाले अमन सोनकर ने लोकल 18 से बताया कि उनकी नर्सरी में बड़ी संख्या में ऐसे पौधे उपलब्ध हैं, जो चिलचिलाती धूप में भी खिले रहते हैं. अमन ने बताया कि मार्च में गेंदा, गुलमोहर, पोर्चुलाका, सूरजमुखी और साल्विया जैसे पौधे लगाना फायदेमंद रहता है. ये पौधे न सिर्फ कम पानी में जीवित रहते हैं, बल्कि तेज धूप में भी अच्छी तरह फूल देते हैं.
घर में लगाएं परमानेंट पौधे
आगे अमन ने बताया कि होली के आसपास लोग अपने घरों को सजाने के लिए सीजनल और परमानेंट दोनों तरह के पौधे खरीदते हैं. सीजनल फूलों में पिटूनिया खासा लोकप्रिय है. हालांकि यह मौसमी पौधा है, लेकिन यदि इसे सीधे तेज धूप से थोड़ी सुरक्षा दी जाए और नियमित देखभाल की जाए, तो यह लंबे समय तक खिल सकता है. बालकनी गार्डनिंग के लिए अमन ने कुछ परमानेंट पौधों की भी सलाह दिया. इनमें क्रिसमस ट्री, एरेका पाम और क्रोटन की विभिन्न किस्में शामिल हैं. ये पौधे घर के अंदर और बाहर दोनों जगह अच्छी तरह सर्वाइव कर सकते हैं और कम देखभाल में भी हरे-भरे बने रहते हैं.
महक उठेगी फूलों की खुशबू
वहीं, अमन ने बताया कि पौधों की देखरेख के लिए जरूरी है कि उन्हें अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी में लगाया जाए. गमले के नीचे छेद होना चाहिए, ताकि पानी जमा न हो. गर्मी में सुबह या शाम को हल्का पानी दें और हफ्ते में एक बार जैविक खाद डालें. तेज धूप में छोटे पौधों को शुरुआत में हल्की छाया देना फायदेमंद होता है. अगर सही पौधों का चयन और उचित देखभाल की जाए, तो आपकी बालकनी भी फूलों की खुशबू से महक उठेगी और घर की खूबसूरती में चार चांद लग जाएंगे.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें