अमेरिकी बाजार में मची ऑर्डरों की बहार, 10 दिन में कानपुर को मिले 400 करोड़., एक्सपोर्ट इंडस्ट्री में लौटी रफ्तार
कानपुर: पिछले कई महीनों से जिस अमेरिकी बाजार को लेकर शहर के निर्यातक परेशान थे, अब वहीं से बड़ी राहत की खबर आई है. टैरिफ में कटौती के बाद सिर्फ सात से दस दिनों के भीतर कानपुर के निर्यातकों को करीब 300 से 400 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिल चुके हैं.जानकारों के मुताबिक, पूरे उत्तर प्रदेश को अब तक करीब 1700 करोड़ रुपये के ऑर्डर अमेरिका से मिले हैं, जिनमें अकेले कानपुर की हिस्सेदारी करीब 400 करोड़ रुपये की बताई जा रही है. इससे साफ है कि शहर का एक्सपोर्ट सेक्टर एक बार फिर तेजी से पटरी पर लौट रहा है.
फिर से लौट रही रौनक
निर्यातकों में बढ़ा आत्मविश्वास, नए रिकॉर्ड की उम्मीद
इस पूरे मामले में फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गैनाइजेशन (फियो) के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव का कहना है कि अगर बाजार में यही स्थिरता बनी रही और अंतरराष्ट्रीय मांग का रुख सकारात्मक रहा, तो चालू वित्तीय वर्ष में नया रिकॉर्ड भी बन सकता है.उनके मुताबिक, अमेरिका की परचेजिंग पॉवर मजबूत है और वहां से मिलने वाला ऑर्डर पूरे साल के प्रदर्शन को प्रभावित करता है. पिछले महीनों में जो सुस्ती थी, वह अब खत्म होती दिख रही है.निर्यातकों का कहना है कि अगले आठ से दस दिनों में शिपमेंट अमेरिका पहुंचने लगेंगे.
आने वाले महीनों में और सुधार की उम्मीद है.सिर्फ 10 दिनों में मिले 400 करोड़ रुपये के ऑर्डर ने यह साबित कर दिया है कि कानपुर की इंडस्ट्री में दम अभी भी बरकरार है. बाजार में फिर से रौनक लौट आई है, फैक्ट्रियों में काम तेज हो गया है और उद्यमियों के चेहरों पर दोबारा मुस्कान दिखाई देने लगी है. अगर यही रफ्तार बनी रही तो आने वाला समय कानपुर के एक्सपोर्ट सेक्टर के लिए बेहद उत्साहजनक साबित हो सकता है.