Noida Semiconductor Park Foundation LIVE: आज जेवर में प्रदेश के पहले ‘सेमीकंडक्टर पार्क’ का शिलान्यास, PM मोदी और CM योगी भरेंगे हुंकार
Noida Semiconductor Park Foundation LIVE: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक बेहद व्यस्त और महत्वपूर्ण दौरे पर हैं. मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल होने वाले प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के बाद, मुख्यमंत्री अब गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के लिए रवाना हो गए हैं. यहां जेवर एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के बाद अब उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखी जाएगी. यमुना सिटी के सेक्टर-28 में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़ेंगे, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय संचार एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव मौके पर मौजूद रहकर शिलान्यास करेंगे.
मेरठ पहुंचे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मेरठ पहुंचकर प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की. उन्होंने शताब्दी नगर स्टेशन का भ्रमण किया और वहां सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ तकनीकी तैयारियों का भी जायजा लिया. मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण: सीएम ने शताब्दी नगर और मेरठ साउथ रैपिड स्टेशन का दौरा कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि कल के उद्घाटन कार्यक्रम में कोई कमी न रहे. जनसभा स्थल का मुआयना: स्टेशन के भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री सीधे जनसभा स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने पंडाल, मंच और सुरक्षा घेरे का निरीक्षण किया.
आज का कार्यक्रम: नमो भारत से जेवर तक
सीएम योगी के शनिवार के कार्यक्रम की शुरुआत मेरठ से होगी. दोपहर 01:50 बजे मुख्यमंत्री शताब्दीनगर ‘नमो भारत’ मेट्रो स्टेशन पहुंचेंगे. यहां वे स्टेशन की सुविधाओं और कार्य की प्रगति का बारीकी से निरीक्षण करेंगे. इसके बाद वे ‘मेरठ साउथ’ नमो भारत स्टेशन का भी जायजा लेंगे. दोपहर 03:55 बजे मेरठ के मोहिउद्दीनपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा सीएम ग्रेटर नोएडा (सेक्टर-29) पहुंचेंगे. यहां वे इंडिया चिप लिमिटेड की ‘ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी’ में हिस्सा लेंगे.
जेवर में चिप यूनिट की आधारशिला, पीएम मोदी होंगे मुख्य अतिथि
यमुना सिटी के सेक्टर-28 में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखी जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से इस यूनिट का शिलान्यास करेंगे. यह यूनिट विश्व की दिग्गज कंपनी फॉक्सकॉन (Foxconn) और भारत की HCL के संयुक्त उपक्रम ‘इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा स्थापित की जा रही है. कार्यक्रम स्थल पर करीब 5 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है, जिन्हें सीएम योगी संबोधित करेंगे।
विधायक के घर मुलाकात और दिल्ली प्रस्थान
शिलान्यास कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के आवास पर जाएंगे. शाम 06:20 बजे वे वहां से रवाना होकर दिल्ली स्थित ‘यूपी सदन’ पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे.
22 फरवरी को मेरठ मेट्रो और नमो भारत को हरी झंडी
रविवार को पश्चिमी यूपी को परिवहन की बड़ी सौगात मिलेगी. सुबह 11:25 बजे सीएम योगी मेरठ के शताब्दी नगर हेलीपैड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगे. दोपहर 12:30 बजे पीएम मोदी और सीएम योगी मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. दोपहर 1:00 बजे मेरठ दक्षिण स्टेशन पर प्रधानमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जिसके बाद दोपहर 2:00 बजे वे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे.
Foxconn और HCL का संयुक्त धमाका
विश्व की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स दिग्गज कंपनी फॉक्सकॉन (Foxconn) और भारत की प्रतिष्ठित आईटी कंपनी HCL के संयुक्त उपक्रम ‘इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड’ के माध्यम से यह यूनिट स्थापित की जा रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से यूपी वैश्विक तकनीक के नक्शे पर मजबूती से उभरेगा और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे.
5 हजार की जनसभा और छात्रों की भागीदारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 4:00 बजे अपैरल पार्क में बने अस्थायी हेलीपैड पर लैंड करेंगे. यहां एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है जिसमें 5000 से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है. खास बात यह है कि इस ऐतिहासिक पल के साक्षी 5 अलग-अलग विश्वविद्यालयों के छात्र भी बनेंगे. सभा स्थल पर 100 फुट लंबी डिजिटल स्क्रीन लगाई गई है, जिसके जरिए प्रधानमंत्री मोदी रिमोट का बटन दबाकर इस प्रोजेक्ट की शुरुआत करेंगे. कार्यक्रम के बाद सीएम योगी जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के आवास पर भी जाएंगे और करीब 20 मिनट वहां रुकेंगे.
घर से निकलने से पहले देख लें रूट मैप
वीवीआईपी आगमन को देखते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की एंट्री सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी.
प्रमुख डायवर्जन पॉइंट्स:
चिल्ला/DND बॉर्डर: दिल्ली से आने वाले भारी वाहन यहाँ से यू-टर्न लेकर NH-9/24 या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का उपयोग करें.
आगरा की ओर से: जेवर टोल से पहले वाहनों को अलीगढ़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
परी चौक से आगरा: वाहन अल्फा कमर्शियल गोलचक्कर और 130 मीटर रोड होकर सिरसा गोलचक्कर से ईस्टर्न पेरिफेरल का रास्ता लें.
आपातकालीन छूट: एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी इमरजेंसी सेवाओं को डायवर्जन से मुक्त रखा गया है.
हेल्पलाइन: किसी भी असुविधा पर ट्रैफिक पुलिस के नंबर 9971009001 पर कॉल करें.
पार्किंग की चाक-चौबंद व्यवस्था
प्रशासन ने सेक्टर-28 में वाहनों के लिए अलग-अलग जोन बनाए हैं:
VIP पार्किंग: मंच के दाहिनी ओर पुलिस, मीडिया और विशिष्ट अतिथियों के लिए.
बस पार्किंग: एचसीएल और शिव नाडर स्कूल की बसों के लिए पानी की टंकी के पास विशेष स्थान.
आम जनता: ककोड़ और झाझर से आने वाले वाहनों के लिए ग्रीन पार्क के पास पार्किंग बनाई गई है.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर यमुना प्राधिकरण के सीईओ और जिलाधिकारी मेधा रूपम ने तैयारियों का जायजा लिया है. पूरे जेवर इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के बाद यह सेमीकंडक्टर पार्क जेवर की किस्मत बदलने वाला तीसरा सबसे बड़ा प्रोजेक्ट माना जा रहा है.